विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में 10 रुपये के नोट ने खोला 60 लाख की रंगदारी का राज, पुराने परिचित ने अनमोल बिश्नोई बनकर दी थी धमकी

Published: Fri, 20 Nov 2026 01:38 PM (IST)

जनकपुरी के एक प्रॉपर्टी डीलर से अनमोल बिश्नोई के नाम पर 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले आशु मौर्य को मानेसर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित के पिता पीड़ित परिवार के ड्राइवर हैं।

जनकपुरी के एक प्रॉपर्टी डीलर से 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला आरोपित उसके परिवार का पुराना परिचित निकला। एआई इमेज

जनकपुरी के एक प्रॉपर्टी डीलर से 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला आरोपित उसके परिवार का पुराना परिचित निकला। एआई इमेज

HighLights

  1. अनमोल बिश्नोई के नाम पर मांगी गई 60 लाख की रंगदारी।

  2. आरोपी आशु मौर्य पीड़ित परिवार का पुराना परिचित निकला।

  3. मानेसर से गिरफ्तार, पैसों की जरूरत में रची साजिश।

मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के नाम पर जनकपुरी के एक प्रॉपर्टी डीलर से 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला आरोपित उसके परिवार का पुराना परिचित निकला। आरोपित के पिता पिछले 27 साल से शिकायतकर्ता के यहां ड्राइवर की नौकरी कर रहे हैं।

आरोपित को मानेसर से गिरफ्तार

आरोपित आशु मौर्य प्रॉपर्टी डीलर के परिवार को अच्छी तरह जानता था। उसने अनमोल बिश्नोई बनकर परिवार को वाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे और 60 लाख रुपये की मांग की। जनकपुरी थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपित को मानेसर से गिरफ्तार कर लिया।

10 रुपये के नोट का आधा लैमिनेटेड हिस्सा रखा

पुलिस के अनुसार, जनकपुरी निवासी प्रॉपर्टी डीलर जतिन गाबा ने शिकायत दी थी कि उनके परिवार को वाट्सएप पर रंगदारी मांगने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। इसके अलावा उनके घर पर एक लिफाफा भी पहुंचाया गया था, जिसमें 10 रुपये के नोट का आधा लैमिनेटेड हिस्सा रखा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनकपुरी थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की।

पुलिस ने उसे मानेसर से गिरफ्तार किया

जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता के घर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पता चला कि लिफाफा एक रैपिडो राइडर के जरिये पहुंचाया गया था। पूछताछ में राइडर ने बताया कि उसे मानेसर से एक मोबाइल नंबर के जरिये बुकिंग मिली थी। तकनीकी जांच में पुलिस को एक अन्य मोबाइल नंबर का पता चला, जो रायबरेली निवासी 27 वर्षीय आशु मौर्य के नाम पर पंजीकृत था। पुलिस ने उसे मानेसर से गिरफ्तार कर लिया।

पैसों की जरूरत में रची साजिश

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी। शिकायतकर्ता के परिवार से पुराना परिचय होने के कारण उसे उनकी जानकारी थी। उसने गैंगस्टर के नाम का इस्तेमाल कर परिवार में डर पैदा करने की योजना बनाई।

इसके तहत 10 रुपये के नोट को लैमिनेट कर दो हिस्सों में काटा और एक हिस्सा लिफाफे में रखकर रैपिडो राइडर से घर भिजवा दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता की पत्नी के मोबाइल पर अनमोल बिश्नोई बनकर धमकी भरे संदेश भेजे।

मोटरसाइकिल ने खोली कलई

पुलिस ने आरोपित के पास से चार मोबाइल फोन, एक वनप्लस टैबलेट, वारदात में इस्तेमाल सिम कार्ड, लैमिनेटेड नोट का दूसरा आधा हिस्सा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल का इस्तेमाल लिफाफा रैपिडो राइडर तक पहुंचाने में किया गया था। मामले में आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा के दफ्तर के पास गोली बरसाने वाला नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर, बुलंदशहर में किया ढेर

यह भी पढ़ें- ठगी 35% घटी, गिरफ्तारियां 95% बढ़ीं; दिल्ली पुलिस ने कसा साइबर ठगों पर शिकंजा तो 10 महीने में 796 ठग गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।