विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली-छठ पर घर जाने वालों के लिए गुड न्यूज, आनंद विहार से चलेंगी 1400 बसें,लखनऊ-गोरखपुर रूट पर ज्यादा फोकस

Published: Mon, 02 Nov 2026 11:12 PM (IST)

नई दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे से दीवाली-छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए प्रतिदिन 1400 बसें चलाई जाएंगी। 5 नवंबर से अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. त्योहार पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यूपीएसआरटीसी ने की विशेष व्यवस्था।

  2. पांच नवंबर से 400 से 500 बसें अधिक चलेंगी।

  3. लखनऊ और गोरखपुर मार्ग पर रहेगा विशेष जोर।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार स्थित आनंद विहार अंतरराज्यीय बस अड्डे से दीवाली पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने बसों के संचालन की विशेष व्यवस्था की है।

त्योहार के दौरान यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए प्रतिदिन करीब 1400 बसें चलाने की तैयारी है। अधिकारियों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में 400 से 500 बसें अधिक संचालित की जाएंगी। अतिरिक्त बसों का संचालन पांच नवंबर से शुरू होगा।

यूपी के विभिन्न शहरों के लिए चलेगी बस

आनंद विहार बस अड्डा दिल्ली से उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के लिए रवाना होने वाले यात्रियों का प्रमुख केंद्र है। दीवाली और छठ के दौरान यहां यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होती है। प्रवासी परिवारों की भीड़ अधिक रहती है। इसी दबाव को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों की संख्या बढ़ाने के साथ प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त फेरे लगाने की योजना बनाई है।

हर दिन पचास हजार यात्री करते हैं सफर

परिवहन निगम की योजना में लखनऊ और गोरखपुर मार्ग को प्राथमिकता दी गई है। इन मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा कानपुर, बरेली और बदायूं सहित उत्तर प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी अतिरिक्त बसें उपलब्ध रहेंगी।

इसके लिए कुछ नई बसों को बेड़े में शामिल किया गया है। जरूरत के अनुसार दूसरे मार्गों पर चलने वाली बसों को भी अधिक यात्री दबाव वाले मार्गों पर लगाया जाएगा।

आनंद विहार बस अड्डा के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी इंद्रपाल के मुताबिक त्योहार के दौरान यहां से प्रतिदिन पचास हजार यात्री सफर करते हैं। यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। यात्रियों की सुरक्षा और आवाजाही के प्रबंध पुख्ता किए जाएंगे।

चालकों को दी जाएगी प्रोत्साहन राशि

त्योहार के दौरान बसों के अतिरिक्त फेरे लगाने के लिए चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी । परिवहन निगम की योजना के तहत छह से 17 नवंबर तक लगातार ड्यूटी करने वाले पात्र चालक-परिचालकों को नियमित वेतन के अतिरिक्त प्रतिदिन 400 रुपये भत्ता दिया जाएगा।

इसका उद्देश्य अतिरिक्त बसों के संचालन के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता बनाए रखना है। संविदा कर्मचारियों को भी निर्धारित शर्तों के अनुसार अतिरिक्त परिचालन के लिए प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में सस्ती हो सकती है यमुना क्रूज सवारी, सरकार ने दिए संकेत; अभी क्या है किराया?

यह भी पढ़ें- दिल्ली की सड़कों पर थमी रफ्तार, शाम ढलते ही रेंगने लगी गाड़ियां; प्रमुख मार्गों पर लगा भीषण जाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।