अमृत भारत योजना: दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का होगा मेगा रीडेवलपमेंट, यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
अमृत भारत योजना के तहत दिल्ली के 13 प्रमुख रेलवे स्टेशनों का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है। रेल मंत्री ...और पढ़ें

अमृत भारत योजना के तहत दिल्ली के प्रमुख 13 रेलवे स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण। (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। अमृत भारत योजना के तहत राजधानी दिल्ली के प्रमुख 13 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का अजमेरी गेट की तरफ ठहराव का काम पूरा हो गया है।
वहीं पहाड़गंज की तरफ भी एक भाग को गिराकर कार्यालय और अन्य यात्री सुविधाओं की शिफ्टिंग का काम चल रहा है। दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के प्रश्न पर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में यह लिखित जानकारी दी है।
प्रगति का ब्योरा मांगा
बिधूड़ी ने दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों के बारे में सरकार से इस योजना के अंतर्गत किए जा रहे आधुनिकीकरण के कार्य की वर्तमान प्रगति का ब्यौरा मांगा था। उन्होंने यह भी पूछा था कि क्या इस योजना के अंतर्गत और स्टेशनों को भी शामिल किया जा रहा है।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस सवाल के जवाब में बताया कि जिन 13 स्टेशनों पर अमृत भारत योजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, उनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार, सराय रोहिल्ला, दिल्ली कैंट, हजरत निजामुद्दीन, सब्जी मंडी, सफदरजंग, तिलक ब्रिज, आदर्श नगर, बिजवासन, नरेला और तिलक ब्रिज शामिल हैं।
इनमें से नई दिल्ली स्टेशन पर अजमेरी गेट की तरफ की ठहराव क्षेत्र की व्यवस्था का काम पूरा हो चुका है। पहाड़गंज की तरफ दो बेसमेंट के निर्माण कार्य और एलिवेटेड रोड के फाउंडेशन का काम भी शुरू हो गया है।
सफदरजंग, बिजवासन, दिल्ली कैंट, नरेला स्टेशन, तिलक ब्रिज आदि पर भी काम चल रहा है।
ये सुविधाएं मिलेंगी
रेलमंत्री ने सदन को यह भी बताया कि इन स्टेशनों पर जो सुविधाएं दी जा रही हैं उनमें स्टेशन तक आसानी से पहुंच, शहर के दोनों तरफ स्टेशन का एकीकरण, वेटिंग हाल, टायलेट, बैठने की समुचित व्यवस्था, पीने का पानी, चौड़े फुटओवर ब्रिज, एयर कानकोर्स, प्लेटफार्म में सुधार, ''एक स्टेशन एक उत्पाद'' के लिए कियोस्क का प्रावधान, हर प्लेटफार्म पर दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, बेहतर सूचना प्रणाली और पार्किंग की सुविधा करना शामिल है।
