विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर रेल मंडल : क्या जानकीनगर रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का होगा ठहराव? चार जिलों के लोग डीएम व एमपी से म‍िले

Published: Fri, 27 Mar 2026 01:21 AM (IST)

पूर्णिया के जानकीनगर रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग फिर तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने ...और पढ़ें

जानकीनगर स्टेशन पर एक्सप्रेस ठहराव होगा या नहीं? फिर उठी पुरानी मांग

जानकीनगर स्टेशन पर एक्सप्रेस ठहराव होगा या नहीं? फिर उठी पुरानी मांग

HighLights

  1. जानकीनगर स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज हुई।

  2. स्थानीय लोगों ने डीआरएम, डीएम और सांसद को ज्ञापन सौंपा।

  3. सांसद पप्पू यादव ने संसद में मुद्दा उठाने का आश्वासन दिया।

संवाद सूत्र, जानकीनगर (पूर्णिया)। पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत पूर्णिया-सहरसा बड़ी लाइन रेलखंड के जानकीनगर रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा है।

डीआरएम को सौंपा गया मांग पत्र

गुरुवार को ग्रामीण मुकेश कुमार राय सहित कई लोगों ने समस्तीपुर के मंडल रेल प्रबंधक के नाम मांग पत्र सौंपा। इसके साथ ही पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार और सांसद राजेश रंजन पप्पू यादव को भी ज्ञापन दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि यह मांग वर्षों पुरानी है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

पहले होता था एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव

ग्रामीणों के अनुसार ब्रॉड गेज परिवर्तन से पहले जानकीनगर स्टेशन पर अधिकांश मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता था। उस समय प्रतिदिन सैकड़ों यात्री यहां से यात्रा करते थे। कोविड-19 से पहले कोशी एक्सप्रेस का भी यहां ठहराव था, जिसे बाद में बंद कर दिया गया।

जनहित और हाटे-बजारे एक्सप्रेस के ठहराव की मांग

ग्रामीणों ने जनहित एक्सप्रेस और हाटे-बजारे एक्सप्रेस के ठहराव की मांग उठाई है। उनका कहना है कि इन ट्रेनों के समय में पर्याप्त “लूज टाइम” है, जिससे ठहराव देने पर समय-सारणी प्रभावित नहीं होगी। इससे आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।

चार जिलों के लोगों को मिलेगा लाभ

ज्ञापन में बताया गया कि जानकीनगर स्टेशन पूर्णिया, मधेपुरा, सुपौल और अररिया जिले की सीमा पर स्थित है। ऐसे में यहां ठहराव होने से चारों जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। फिलहाल ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को 14 किलोमीटर दूर बनमनखी जंक्शन या 18 किलोमीटर दूर मुरलीगंज जाना पड़ता है।

महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही दिक्कत

ग्रामीणों ने कहा कि दूर के स्टेशनों तक पहुंचने में महिलाओं, बुजुर्गों, युवतियों और दिव्यांगों को काफी परेशानी होती है। खासकर रात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है। इस कारण स्थानीय लोग लंबे समय से यहां एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे हैं।

सांसद ने भी उठाया मुद्दा

सांसद राजेश रंजन पप्पू यादव ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन के जीएम, समस्तीपुर मंडल के डीआरएम और रेल मंत्री को पत्र लिखकर ठहराव की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को संसद में भी उठाया जाएगा और रेल मंत्री से मिलकर समाधान की कोशिश की जाएगी।

इस मौके पर आकाश वर्मा, मनीष कुमार, बिमल दास और प्रेमशंकर भगत सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे और एकजुट होकर अपनी मांग को दोहराया।