छात्रों के लिए एअर इंडिया का स्पेशल ऑफर, घरेलू उड़ानों के किराए पर 10% का डिस्काउंट; बैगेज पर भी छूट
एअर इंडिया छात्रों के लिए घरेलू उड़ानों पर 10% की सीधी छूट और कई अतिरिक्त लाभ दे रही है। यह ...और पढ़ें
--1791544557422-1791545026338_m.webp)
एअर इंडिया ने छात्रों को दिया तोहफा। फोटो: आर्काइव
HighLights
छात्रों को घरेलू उड़ानों के बेस फेयर पर 10% छूट
20 अक्टूबर 2026 तक की बुकिंग पर ऑफर मान्य
10 किलो अतिरिक्त सामान और मुफ्त तिथि परिवर्तन की सुविधा
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कॉलेज की पढ़ाई, सेमेस्टर ब्रेक, इंटर्नशिप और कैंपस प्लेसमेंट के लिए सफर करने वाले छात्रों के लिए एअर इंडिया एक ऑफर लेकर आई है।
एयरलाइन अपने विशेष स्टूडेंट प्रोग्राम के तहत विद्यार्थियों को घरेलू उड़ानों के बेस फेयर पर 10 प्रतिशत की सीधी (फ्लैट) छूट दे रही है।
यह सीमित अवधि का ऑफर 20 अक्टूबर 2026 तक की जाने वाली वन-वे और राउंड-ट्रिप दोनों प्रकार की बुकिंग पर उपलब्ध है।
छात्रों को अतिरिक्त बैगेज की छूट भी मिलती है
इस डिस्काउंट ऑफर के अलावा, एअर इंडिया का स्टूडेंट प्रोग्राम सालभर छात्रों को कई तरह की अतिरिक्त सुविधाएं प्रदान करता है।
इसके तहत पात्र छात्रों को 10 किलोग्राम अतिरिक्त सामान (बैगेज अलाउंस) ले जाने की छूट मिलती है, जो घर और कैंपस के बीच सफर के दौरान काफी मददगार साबित होती है।
बिना चार्ज एक बार तारीख बदलने भी सुविधा
साथ ही, प्लान में बदलाव होने पर बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के एक बार यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा भी मिलती है।
इसके अलावा, एअर इंडिया की वेबसाइट या ऐप पर लॉगइन करके बुकिंग करने पर कन्वीनियंस फीस में 50 प्रतिशत की कटौती की जा रही है, और UPI से भुगतान करने पर प्रोमो कोड का उपयोग करके प्रति यात्री 1,000 रुपये तक की अतिरिक्त बचत भी की जा सकती है।
सुविधा के लिए ये शर्तें हैं जरूरी
इस योजना का लाभ उठाने के लिए छात्रों की आयु यात्रा की तारीख को कम से कम 12 वर्ष होनी चाहिए और वे किसी मान्यता प्राप्त स्कूल, कॉलेज या विश्वविद्यालय में न्यूनतम एक वर्ष के फुल-टाइम कोर्स में नामांकित होने चाहिए।
एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को एयरपोर्ट पर चेक-इन के समय अपना वैध स्टूडेंट पहचान पत्र, एडमिशन लेटर या स्टूडेंट वीजा दिखाना अनिवार्य होगा। सही दस्तावेज प्रस्तुत न करने की स्थिति में रिकवरी शुल्क और लागू कर वसूले जा सकते हैं।
