एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में 'भट्टी' जैसे तपे यात्री, AC पड़ा ठप; दिल्ली-पुणे फ्लाइट में 3 घंटे तक फंसे रहे
दिल्ली से पुणे जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में एसी खराब होने से यात्री उमस भरी गर्मी में ...और पढ़ें

बंद एसी में तीन घंटे तक फ्लाइट में फंसे रहे यात्री। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
एयर इंडिया एक्सप्रेस उड़ान में एसी हुआ खराब
यात्री उमस और दमघोंटू गर्मी में फंसे रहे
तकनीकी खराबी से विमान उड़ान में देरी हुई
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस ( Air India Express) की उड़ान संख्या आईएक्स-1230 में सवार यात्रियों को उस समय बेहद कड़वे अनुभव से गुजरना पड़ा, जब तकनीकी खराबी के कारण विमान का एयर-कंडीशनिंग सिस्टम ठप हो गया।
आरोप है कि दिल्ली से पुणे जाने वाली इस उड़ान के यात्री काफी देर तक उमस और दमघोंटू गर्मी के बीच विमान के भीतर ही फंसे रहे।यह उड़ान मंगलवार सुबह 4:40 बजे रवाना होने वाली थी। यात्रियों को सुबह 4:20 बजे ही बोर्डिंग कराकर विमान में बिठा दिया गया था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण विमान सुबह 7:45 बजे के बाद ही उड़ान भर सका।
कभी बंद तो कभी चालू हो जात था एसी
यात्रियों के मुताबिक, इस दौरान विमान के अंदर का एसी लगातार बंद और चालू हो रहा था, जिससे केबिन हीट चैंबर यानी भट्टी की तरह तप रहा था। एक्स पर पराग नामक यूजर ने जो इस विमान में सवार थे, उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए पोस्ट किया कि बिना एसी के घुटन भरे केबिन में एक घंटे बिठाने के बाद घोषणा की गई कि विमान वापस बे में जा रहा है।
यात्री बोले- सांस लेना तक दूभर हो गया
कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। वहीं सौरभ नामक यात्री ने बताया कि विमान के अंदर सांस लेना दूभर हो गया था और एयरलाइन की तरफ से कोई सही अपडेट नहीं मिल रहा था।
उधर, मामला बढ़ने पर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बयान जारी कर खेद जताया। एयरलाइन ने कहा कि बोर्डिंग के बाद तकनीकी खराबी का पता चला था। इंजीनियरिंग टीम ने इसे ठीक किया और यात्रियों के लिए वैकल्पिक (ग्राउंड-बेस्ड) एसी की व्यवस्था की गई थी। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि यह नाकाफी था और एयरलाइन को इस भारी लापरवाही की जवाबदेही तय करनी चाहिए।
