अंटार्कटिका पहुंची AIIMS की मेडिकल तकनीक, हेल्थ रिसर्च में मिला गोल्ड अवार्ड; दुनिया के शीर्ष 2% रिसर्चर्स में शामिल
एम्स को स्वास्थ्य अनुसंधान में उत्कृष्ट योगदान के लिए गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया गया है। संस्थान ने अंटार्कटिका में रिमोट टेली-रोबोटिक अल्ट्रासाउंड जैसी उपलब्धियां हासिल की हैं।

भारत मंडपम में आयोजित स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के तीसरी रिसर्च एक्सीलेंस समिट में एम्स को यह सम्मान मिला।
HighLights
स्वास्थ्य अनुसंधान में उत्कृष्ट योगदान हेतु एम्स को गोल्ड अवार्ड।
अंटार्कटिका में रिमोट टेली-रोबोटिक अल्ट्रासाउंड कर चिकित्सा में नई उपलब्धि।
एम्स के 56 वैज्ञानिक स्टैनफोर्ड की शीर्ष 2% सूची में शामिल।
अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। एम्स को स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया गया है। भारत मंडपम में आयोजित स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर) और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के तीसरी रिसर्च एक्सीलेंस समिट में एम्स को यह सम्मान मिला।
संस्थान को 'गोल्ड फार हेल्थ रिसर्च रिकग्निशन एक्सीलेंस' श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में एम्स के वैज्ञानिकों के योगदान और संस्थान की शोध क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।
एम्स चिकित्सा अनुसंधान के साथ नई तकनीकों के विकास और उनके मरीजों के उपचार में उपयोग के मामले में भी लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

हाल ही में संस्थान के विशेषज्ञों ने अंटार्कटिका स्थित मैत्री अनुसंधान केंद्र में करीब 12 हजार किलोमीटर दूर से लाइव रिमोट टेली-रोबोटिक अल्ट्रासाउंड करके चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की थी।
इसके अलावा एम्स के 56 वैज्ञानिकों को स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की वर्ष 2025 की दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान मिला था। एम्स लगातार आठ वर्षों से राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग (एनआईआरएफ) में देश का शीर्ष चिकित्सा संस्थान बना हुआ है।