दिल्ली से लौटते समय ककोड़ा मेला का एक चक्कर लगाएगी रोडवेज बस, श्रद्धालुओं को हुई आसानी
दिल्ली-बदायूं रूट पर चलने वाली रोडवेज बसें अब ककोड़ा मेला के श्रद्धालुओं को भी सुविधा देंगी।

ककोड़ा मेले में बनकर तैयार कोतवाली। जागरण
HighLights
दिल्ली-बदायूं बसें अब ककोड़ा मेला श्रद्धालुओं को ले जाएंगी।
दिल्ली से लौटती हर बस एक चक्कर मेला लगाएगी।
श्रद्धालुओं को सुविधा, दिल्ली रूट पर भी सेवा जारी।
जागरण संवाददाता, बदायूं। दिल्ली-बदायूं रूट पर चलने वाली रोडवेज बसें अब ककोड़ा मेला के श्रद्धालुओं को भी सुविधा देंगी। दिल्ली से चक्कर लगाकर लौटने वाली हर बस का एक चक्कर ककोड़ा मेला का लगवाया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को मेले तक पहुंचने में आसानी होगी और दिल्ली रूट पर भी बसों का संचालन बना रहेगा।
इस समय दिल्ली-बदायूं रूट पर करीब 70-80 बसें चल रही हैं। इस रूट पर दिल्ली-बदायूं के अलावा हजरतपुर, जरियानपुर और वाराकलां भी शामिल हैं, लेकिन अब इस रूट में ककोड़ा मेला भी जुड़ गया है। परिवहन निगम ने मेले के लिए करीब 90 रोडवेज बसें लगाई हैं।
इनमें अधिकतर बसें दिल्ली-बदायूं रूट पर ही संचालित हैं। अधिकारियों के अनुसार अभी ककोड़ा मेला में ज्यादा बसों की आवश्यकता नहीं है। दो दिन बाद श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाएगा। मंगलवार को ककोड़ा मेला में झंडी पूजन भी हो गया।
देवउत्थान और उससे एक दिन पहले ककोड़ा मेला में श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो जाएंगे। इस समय दुकानदार और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी ही मेला पहुंच रहे हैं, लेकिन तभी से रोडवेज बसों का संचालन भी शुरू हो जाएगा।
एआरएम का कहना है कि ककोड़ा मेला में जो रोडवेज बसें लगाई गई हैं, वह दिल्ली रूट पर संचालित हैं। जो भी रोडवेज बसें दिल्ली से लौटकर आएंगी, वह एक चक्कर ककोड़ा मेला का लगाएंगी। कुछ बसों को दिल्ली जाने से पहले एक चक्कर लगाने को कहा गया है। इस व्यवस्था से दो फायदे होंगे।
पहला, श्रद्धालुओं को मेले तक जाने के लिए अलग से बस नहीं खोजनी पड़ेगी। दिल्ली से लौटने वाली बसें उन्हें सीधे ककोड़ा छोड़ देंगी। दूसरा, दिल्ली रूट के यात्रियों को भी बसों की कमी नहीं होगी, क्योंकि बसों का संचालन पहले की तरह ही होता रहेगा।
मेले में भीड़ बढ़ने पर बसों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है। देवउत्थान के आसपास जब श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, तब अतिरिक्त बसें भी लगाई जाएंगी। अभी मेले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।