विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खर्च 70 लाख, कमाई सिर्फ 2 लाख! ककोड़ा और तिगरी जैसा बनने चला था संभल का सिसौना गंगा मेला, अब चंद तंबुओं में सिमटा

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:54 PM (IST)

संभल का सिसौना डांडा गंगा मेला, जो 2015 में बड़े पैमाने पर शुरू हुआ था, अब अपनी पहचान खो रहा ...और पढ़ें

मेला गंगा सिसौना डांडा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु l। जागरण आर्काइव

मेला गंगा सिसौना डांडा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु l। जागरण आर्काइव 

HighLights

  1. मेला गंगा सिसौना डांडा की बिगड़ती स्थित, चंद तम्बुओं में सिमटी तस्वीर

  2. नई जिला पंचायत ने 2015 में समानांतर मेला विकसित करने की मंशा से हुई शुरुआत

शिवकुमार कुशवाहा, बहजोई (संभल)। गंगा किनारे आस्था का संगम और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने की उम्मीद के साथ वर्ष 2015 में शुरू हुआ सिसौना डांडा गंगा मेला अब अपनी पहचान तलाश रहा है।

तंबुओं का शहर बसाने की कवायद के साथ बदायूं के ककोड़ा और अमरोहा के तिगरी धाम मेले की तर्ज पर विकसित करने की मंशा से शुरू हुए आयोजन में शुरुआती तीन वर्षों तक जोरदार प्रचार-प्रसार किया गया।

होर्डिंग्स, फ्लेक्सी, बैनर के गांव गांव सूचना पहुंची। बसों और ट्रैक्टर-ट्रालियों से लोगों को मेले तक लाने के प्रयास हुए। लोकगीत, लोक संगीत, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से करीब एक सप्ताह तक आयोजन में रौनक रहती थी।

मगर पिछले पांच वर्षों में मेले की चमक लगातार फीकी पड़ती गई। अब कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व पर ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। एक दिन पहले शाम से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होता है और अगले दिन मेले की गतिविधियां लगभग सिमट जाती हैं।

C-343-1-BRY1522-500598

जिला पंचायत प्रत्येक वर्ष टेंट, घाट, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं पर करीब 60 से 70 लाख रुपये खर्च करती है, जबकि आमदनी केवल दो से ढाई लाख रुपये तक बताई जाती है।

सुरक्षा के लिए पुलिस बल, मेला कोतवाली और मजिस्ट्रेट की तैनाती भी होती है, लेकिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनोरंजन और प्रचार की कमी से मेले की आर्थिक गतिविधियां नहीं बढ़ पा रही हैं।

नतीजा यह है कि आस्था का आयोजन स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था के लिए अपेक्षित अवसर नहीं बन पा रहा है। सवाल यह है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद मेले को लोकप्रिय बनाने और आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

खर्च लाखों का, कमाई चंद लाख, घाटे का आयोजन

सिसौना गंगा मेले पर जिला पंचायत प्रत्येक वर्ष करीब 60 से 70 लाख रुपये खर्च करती है, जबकि आमदनी महज दो से ढाई लाख रुपये बताई जाती है। टेंट, घाट, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था पर भारी खर्च के बावजूद आर्थिक लाभ सीमित रहने से आयोजन की उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम गायब, एक दिन में सिमटी मेले की रौनक

शुरुआती तीन वर्षों में लोकगीत, लोक संगीत, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मेला करीब एक सप्ताह तक गुलजार रहता था। ट्रैक्टर-ट्रालियों से श्रद्धालुओं को लाने के प्रयास भी हुए। अब मनोरंजन कार्यक्रमों के अभाव में आयोजन मुख्य स्नान पर्व की भीड़ तक सिमटकर रह गया है।

स्थानीय दुकानदारों को नहीं मिल रहा आर्थिक लाभ, बाजार भी नहीं हो रहा विकसित

मेले से स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को रोजगार और आमदनी बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन सीमित अवधि और कमजोर प्रचार से बाजार विकसित नहीं हो पाया। एक दिन की भीड़ में कारोबार के अवसर भी सीमित रहते हैं। सप्ताहभर आयोजन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिल सकती है।

ककोड़ा और तिगरी से तुलना, प्रचार और आयोजन में पीछे सिसौना

बदायूं के ककोड़ा और अमरोहा के तिगरी धाम मेले की तर्ज पर सिसौना में आयोजन शुरू हुआ था। वहां व्यापक प्रचार, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लंबे आयोजन से पहचान बनी है। सिसौना में इन गतिविधियों की निरंतरता नहीं रहने से लोकप्रियता और आर्थिक विस्तार दोनों प्रभावित हुए हैं।

 

मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट, पार्किंग, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। अधिकांश श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा पर ही आते हैं। आयोजन को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

- आशीष सिंह, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत।


यह भी पढ़ें- संभल में विकास की रफ्तार सुस्त: सांसद जियाउर्रहमान बर्क की निधि से 6.21 करोड़ का भुगतान, लेकिन जमीन पर पूरे हुए काम 'शून्य'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।