Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    AAP Protest: पूरी दिल्ली में आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस की मुस्तैदी के कारण नहीं लगा लंबा जाम

    By Rakesh Kumar SinghEdited By: Geetarjun
    Updated: Sun, 16 Apr 2023 08:16 PM (IST)

    आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआई द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाने के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेताओं निगम पार्षदों व कार्यकर्ताओं ने रविवार को सभी 15 जिलों में सड़कों पर उतर कर धरना प्रदर्शन किया।

    Hero Image
    पूरी दिल्ली में आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस की मुस्तैदी के कारण नहीं लगा लंबा जाम

    नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआई द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाने के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेताओं, निगम पार्षदों व कार्यकर्ताओं ने रविवार को सभी 15 जिलों में सड़कों पर उतर कर धरना प्रदर्शन किया। रविवार को छुट्टी का दिन होने, प्रदर्शनकारियों की संख्या कम होने व पुलिस के चाक चौबंद सुरक्षा बंदोबस्त के कारण राजधानी के किसी भी इलाके में अधिक समय के लिए लंबा जाम नहीं लगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केजरीवाल को सीबीआई मुख्यालय में बुलाए जाने की सूचना मिलने पर स्पेशल ब्रांच को अलर्ट कर दिया गया था। स्पेशल ब्रांच को सूचना मिली कि आप नेता व कार्यकर्ता सभी जिले में कुछ प्रमुख चौराहों व अनय जगहों पर धरना देेकर जाम लगा सकते हैं।

    उसके बाद आला अधिकारियों ने सभी 15 जिले के डीसीपी को अलर्ट कर दिया था। सभी जिलों की स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस के साथ मिलकर बेहतर सुरक्षा बंदोबस्त में जुट गई थी। रविवार सुबह होते ही सबसे पहले दिल्ली की सभी सीमाओं पर मजबूत बैरिकेडिंग कर वहां दिल्ली पुलिस के अलावा पैरा मिलिट्री की तैनाती कर दी गई। उसके बाद सभी जिलों के प्रमुख चौराहों पर स्थानीय पुलिस व यातायात कर्मियों की तैनाती कर दी गई।

    इन जगहों पर किया धरना-प्रदर्शन

    रोहिणी जिले में मुकरबा चौक पर आम आदमी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। यहां बादली के विधायक अजेश यादव व रिठाला के विधायक महेंद्र गोयल के नेतृत्व में करीब 700 कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। दक्षिण जिले में लाडो सराय टी प्वाइंट पर महेंद्र चौधरी के नेतृत्व में करीब 200 कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।

    दक्षिण-पूर्वी जिले में क्राउन प्लाजा के पास करीब 200 कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। दक्षिण-पश्चिम जिले में सुभाष नगर लालबत्ती के पास विधायक विनय मिश्रा के नेतृत्व में करीब 300 कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। इसी जिले में आईआईटी फ्लाई ओवर के पास पार्षद सरिता फोगाट के नेतृत्व में 50 कार्यकर्ता व लाडो सराय टी प्वाइंट पर आप कार्यकर्ता गणेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 70 कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया।

    पश्चिमी जिले में सुभाष नगर लालबत्ती के पास विधायक जरनैल सिंह व विनय शर्मा के नेतृत्व में करीब 250 कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। मध्य जिले में हनुमान मंदिर के पास विधायक राज कुमार आनंद के नेतृत्व मेंकरीब 600 कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। वहीं अजमेरी गेट के पास विधायक इमरान हुसैन के नेतृत्व करीब 600 कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया।

    उत्तर-पूर्वी जिले में राजघाट के पास पूर्व पार्षद रेखा त्यागी के नेतृत्व में करीब 200 कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पूर्वी जिले में विधायक कुलदीप सिंह व पार्षदों के नेतृत्व में आईटीओ, डीडीयू मार्ग पर करीब 300 कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। शाहदरा जिले में राजघाट के पास पार्षद शिवानी पांचाल के नेतृत्व में करीब 300 कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

    उत्तर-पश्चिम जिले में प्रेम बारी पुल के पास विधायक वंदना कुमारी के नेतृत्व में करीब 250 कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसी जिले में विधायक आदेश यादव के नेतृत्व में मुकरबा चौक के पास करीब 250 कार्यकर्ताओं व लाल बाग मस्जिद के पास विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी के नेतृत्व में करीब 250 कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बाहरी जिले में पीरागढ़ी के पास चार विधायकों व 11 पार्षदों के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।