Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Weather Forecast : तापमान में गिरावट से करोड़ों लोगों को राहत, आज बारिश के आसार

    By JP YadavEdited By:
    Updated: Thu, 02 Jan 2020 07:38 AM (IST)

    Delhi Weather Forecast तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोगों को भीषण ठंड से कुछ हद तक राहत मिली है। ...और पढ़ें

    Hero Image
    Delhi Weather Forecast : तापमान में गिरावट से करोड़ों लोगों को राहत, आज बारिश के आसार

    नई दिल्ली, जेएनएन। Delhi Weather Forecast : तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोगों को भीषण ठंड से कुछ हद  तक राहत मिली है। गुरुवार सुबह इसका असर भी दिखा, लोग मॉर्निंग वॉक भी करते नजर आए।

    इससे पहले 18 दिनों तक कड़ाके की ठंड व शीतलहर से जूझने वाले दिल्लीवासियों के लिए नए साल की सुबह राहत लेकर आई। बुधवार को न केवल दिनभर धूप खिली रही, बल्कि अधिकतम तापमान में भी इजाफा हुआ। ठिठुरन भरी ठंड से राहत का यह दौर अभी अगले चार पांच दिन तक जारी रहेगा। हालांकि बृहस्पतिवार को हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बुधवार को सुबह के समय अच्छी खासी ठंड थी। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री कम महज 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन नौ बजे के आसपास धूप खिली तो फिर दिनभर खिली रही। चूंकि धूप भी अच्छी थी। इसलिए दिल्लीवासियों ने भी इसका खूब लुत्फ उठाया। धूप निकलने की वजह से अधिकतम तापमान बुधवार को बढ़कर 20.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 49 से 100 फीसद तक रहा। 2013 में 6 जनवरी को राजधानी का तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। 16 जनवरी 1935 को राजधानी का तापमान माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।

    मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली में हवा अब पूर्वी हो गई है और यह बंगाल की खाड़ी से आ रही है। इसलिए इसमें उतनी ठंडक नहीं है। दूसरी तरफ बृहस्पतिवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश होने की संभावना है, कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। इससे एक बार से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा।

    मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर जैसी ठंड अब कम से कम एक हफ्ते तक वापस नहीं आएगी। बृहस्पतिवार सुबह मध्यम कोहरा रह सकता है, हालांकि न्यूनतम तापमान बढ़ने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान इस सप्ताह 16 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। 3 से 5 जनवरी तक राजधानी में घना कोहरा दिख सकता है। 7 जनवरी को फिर दिल्ली में बारिश की संभावना है।

    कोहरे का कहर, 21 ट्रेनें चल रहीं देरी से

    वहीं, कोहरे के चलते दिल्ली आने जाने वाली 21 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इससे पहले कोहरे से बुधवार को दिल्ली आने वाली 50 से ज्यादा ट्रेनें देरी से पहुंची। विलंब से गंतव्य तक पहुंचने के कारण राजधानी और शताब्दी सहित 14 ट्रेनों के समय को बदलना पड़ा। चंडीगढ़ शताब्दी 3:30 घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची और 2 घंटे की देरी से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई। आने वाले दिनों में कोहरे के कारण यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है।

    दिन में राहत, फिर सितम

    नए साल के पहले दिन बुधवार को धूप खिली तो जश्न का जोश कई गुना बढ़ गया। दिल्ली का अधिकतम पारा 20.5 डिग्री रहा, वहीं न्यूनतम 2.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, दोपहर बाद फिर सर्दी का सितम शुरू हो गया।