दिल्ली के दो ऐतिहासिक स्मारकों के खुलने का समय बढ़ा, रात 9 बजे तक खुला रहेगा ये मकबरा
केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने देश भर के 10 ऐतिहासिक स्मारकों के खुलने का समय बढ़ा दिया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने देश भर के 10 ऐतिहासिक स्मारकों के खुलने का समय बढ़ा दिया है। जिन स्मारकों के खुलने का समय बढ़ा है उनमें दिल्ली के दो ऐतिहासिक स्मारक शामिल हैं।
हुमायूं का मकबरा और सफदरजंग मकबरा देखने जाने लोग अब सुबह से रात 9 बजे तक इसका दीदार कर सकेंगे। ये स्मारक आम जनता के लिए सूर्योदय से रात 9 बजे तक खुले रहेंगे।
बता दें कि सफदरजंग का मकबरा अंतिम मुगल बादशाह मुहम्मद शाह के प्रधानमंत्री सफदरजंग की स्मृति में नवाब शुजादुल्लाह ने 1754 ई. में बनाया था। यहां सफदरजंग और उनकी बेगम की कब्र भी है। इसे आज भी मुगल वास्तु का उत्कृष्ट नमूना माना जाता है।
हुमायूं की याद में बना है मकबरा
हुमायूं की मृत्यु 1556 में हुई थी, और उसकी विधवा हमीदा बानो बेगम जिसे हाजी बेगम के रूप में भी जाना जाता है, उसने हूमांयू की मृ्त्यु के चौदह वर्षों के बाद 1569 में इस मकबरे का निर्माण कार्य शुरू किया था। यह सही मायनों में मुगल शैली का पहला शानदार उदाहरण है जो फारसी स्थापत्य कला से प्रेरित था। मकबरे का निर्माण 15 लाख रुपये (1.5 मिलियन) की लागत से किया गया था।
इस मकबरे का वास्तुकार मिरक मिर्जा घियाथ (Mirak Mirza Ghiyath) नामक एक फारसी था जिसे हाजी बेगम द्वारा नियुक्त किया गया था। करीब 20 लाख लोग हर साल हुमायूं के मकबरे को देखने के लिए आते हैं। इनमें 5 लाख बच्चे भी शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।