2 बीवियों की हत्या कर एक महिला के साथ भागा शौहर, ऐसे खुला राज
बताया जाता है कि आरोपित जमशेद के किसी तीसरी महिला से भी अवैध संबध थे जिसके चलते वह दोनों बीवियों की हत्या कर उसके साथ भाग गया है। ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। जैतपुर के सौरभ विहार में दो बीवियों के साथ रह रहे पति ने दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद बेटे को लेकर फरार हो गया। बताया जाता है कि आरोपित जमशेद के किसी तीसरी महिला से भी अवैध संबध थे, जिसके चलते वह हत्या कर उसके साथ भाग गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जमशेद (35) पिछले दो महीने से जैतपुर के सौरभ विहार में अपनी दो बीवियों के साथ रह रहा था। एक बीवी जबना (35) और दूसरी किस्मत (32) थी। जमशेद जैतपुर आने से पहले खड्डा कॉलोनी में रहता था, उसके पास वहीं का आधार कार्ड भी है, जिसे उनसे कमरा किराये पर देने के लिए दिया था।
लोगों का कहना है कि वह मूल रूप से बंगाल की तरफ का रहने वाला हैं। जमशेद व उसकी दोनों बीवियों की अक्सर लड़ाई होती थी। जब जमशेद घर पर नहीं होता था तो दोनों महिलाएं आपस में भी लड़ती रहती थीं। बुधवार दोपहर करीब एक बजे लोगों ने जमशेद व उसकी बीवियों को आखिरी बार देखा था। इसके बाद तीनों में से कोई नहीं दिखा। जमशेद का परिवार आसपास किसी से मतलब नहीं रखता था, जिससे उनकी गैरमौजूदगी का किसी ने ध्यान नहीं दिया। बृहस्पतिवार सुबह जमशेद के कमरे से बदबू आने पर लोगों ने ध्यान दिया।
जमशेद के सामने वाले कमरे में रहने वाले युवक टिंकू ने पुलिस को कॉल कर मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे में दो महिलाओं की लाश पड़ी है। जांच में पुलिस ने पाया कि महिलाओं का पति जमशेद अपने 10 साल के बच्चे के साथ वहां से लापता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर आरोपित की खोज शुरू कर दी है।
पुलिस ने पाया कि दोनों महिलाओं का शव बंधा है। साथ ही महिलाओं के चेहरे पर एसिड डाला गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।
जमशेद और उसकी बीवियों में अक्सर झगड़ा होता था। जमशेद पुताई का काम करता था। लेकिन हफ्ते में दो या तीन दिन काम पर जाता था बाकी दिन घर पर ही रहता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी जमशेद का उसकी बीवियों से झगड़ा होने के कारण दो बार पुलिस वहां आ चुकी है।
पहले भी आ चुकी है पुलिस
मकान मालिक की मानें तो वे लोग दो माह पूर्व मकान में पहले से रह रहे किरायेदार रणजीत के जरिये कमरा लेने यहां आए थे। लेकिन तब हमें नहीं पता था कि दोनों महिलाएं उसकी बीबी हैं। इन लोगों के झगड़ों के कारण हमने इनसे कमरा खाली करने के लिए पहले ही बोल दिया था। लेकिन वे लोग जाते इससे यह हो गया। जमशेद ने कमरा लेने के लिए जो आधार कार्ड दिया था, उसपर खड्डा कॉलोनी का पता है।
वहीं, मुकेश (पड़ोसी) की मानें तो मकान में आठ कमरे हैं। नीचे के फ्लोर पर चार कमरे हैं, जिनमें से एक खाली है, उन्हीं में से एक जमशेद ने दो महीने पहले किराये पर लिया था। जब वह यहां रहने आया था तो उसके साथ तीन लोग थे, जिनमें दो महिलाएं और एक 10 साल का बच्चा था। हम लोग अक्सर उनके झगड़े की आवाजें सुनते थे। लेकिन वे लोग किसी से मतलब नहीं रखते थे, इसलिए कोई इनसे कुछ कहता नहीं था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।