Vikas Chaudhary Murder Case: सीएम मनोहर लाल खट्टर ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या कहा
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (Haryana Congress President) अशोक तंवर ने विकास चौधरी की हत्या पर भाजपा सरकार को घेरा है।
नई दिल्ली/गुरुग्राम, जेएनएन। फरीदाबाद में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी की हत्या पर हरियाणा के सीएम ने मनोहर लाल खट्टर ने शाम को चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा है कि मुझे घटना की जानकारी है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। जल्द ही इस मामले में वे अधिक जानकारी देंगे।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शोक जताया। ट्विटर पर राहुल गांधी ने कहा कि यह घटना निंदनीय है। भगवान पीड़ित परिजन को आघात सहने की शक्ति दे। इसके साथ ही राहुल गांधी ने हरियाणा की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा मे बिगड़ती कानून व्यवस्था का आईना है।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुडडा ने भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून
व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गई है आज हर व्यक्ति प्रदेश में असुरक्षित महसूस है। उन्होंने कहा कि सोनीपत में
प्रतिदिन एक हत्या का एवरेज है। गुरुग्राम में आए दिन इस तरह की बड़ी आपराधिक घटना घट रही हैं। अपराधी
हत्या जैसी वारदात को खुलेआम अंजाम देकर जाते हैं और पुलिस कुछ नही कर पाती हैं।
कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने विकास चौधरी की हत्या पर शोक जताया है। उन्होंने कहा है कि विकास चौधरी की हत्या पर मुख्यमंत्री जवाब दें। उन्होंने सूबे के प्रशासन व्यवस्था पर कहा की प्रदेश में जंगलराज कायम है। आज अपराध में हरियाण नंबर वन है। प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था पर काबू पाने में फेल हो चुकी है।
वहीं, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी की हत्या पर शोक जताया है। उन्होंने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी कोई भी हों उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
अशोक तंवर का राज्य सरकार पर हमला
हरियाणा के फरीदाबाद में कांग्रेस नेता विकास चौधरी की गोली मारकर हत्या करने का मामला गरमा गया है। विपक्षी दल कांग्रेस ने इस हत्या को लेकर हरियाणा में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (Haryana Congress President) अशोक तंवर ने विकास चौधरी की हत्या पर भाजपा सरकार को घेरा है।
उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआइ से बातचीत में प्रतिक्रिया देते हुए कहा- 'हरियाणा में जंगल राज कायम हो गया है। राज्य में कानून का डर खत्म हो गया है।' फरीदाबाद में ही छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को चाकू मारने का जिक्र करते हुए अशोक तंवर ने कहा- 'कल इसी तरह की एक घटना में छेड़छाड़ का विरोध करने वाली एक महिला को चाकू मार दिया गया था, जिसने छेड़छाड़ का विरोध किया था। पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।'
गौरतलब है कि फरीदाबाद के सेक्टर-9 में बृहस्पतिवार सुबह दो अज्ञात हमलावरों ने कांग्रेस नेता और हरियाणा में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी को गोलियों से भून डाला। बाद में उनकी इलाज के दौरान सर्वोदय अस्पताल में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, विकास सुबह फरीदाबाद के सेक्टर 9 में स्थित जिम में गए थे, जैसे ही जिम में जाने के लिए कार से बाहर निकले तो दो बदमाशों ने उनपर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।