प्रेम नगर में महिला और चार वर्षीय बेटे की गला रेत हत्या
पटेल नगर के प्रेम नगर इलाके में 26 वर्षीय महिला और उसके चार वर्षीय बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि बच्चे का मौत फांसी लगने से हुई है। मरने वाली महिला की पहचान रूपा देवी रुप में हुई है जबकि बेटे का नाम रॉकी कुमार है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : पटेल नगर के प्रेम नगर इलाके में 26 वर्षीय महिला और उसके चार वर्षीय बेटे की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि बच्चे का मौत फांसी लगने से हुई है। मृतका की पहचान रूपा देवी के रूप में हुई है, जबकि बेटे का नाम रॉकी कुमार है। महिला पति राजीव कुमार और दो देवरों के साथ एक कमरे में रहती थी। घटना के वक्त सभी पुरुष काम पर गए हुए थे। मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त एमएस रंधावा ने बताया कि हत्या किसने की और हत्या का कारण क्या है, इसका पता अभी नहीं चल सका है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज मामले की छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, राजीव कुमार परिवार संग प्रेम नगर गली नंबर एक स्थित मकान संख्या 2133 में रहते हैं। वह रामा रोड स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करते थे। उनके साथ एक कमरे में पत्नी रूपा देवी, बेटा रॉकी कुमार के अलावा उनके दो भाई भी रह रहे थे। जबकि उनका बड़ा बेटा मुजफ्फरपुर में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। बताया जाता है कि सुबह परिवार के सभी पुरुष सदस्य काम पर चले गए थे।
शाम करीब सात बजे जब राजीव का छोटा भाई आया तो देखा कि कमरे में रूपा और रॉकी का शव पड़ा हुआ है। घटना के बारे में उसने राजीव कुमार को बताया साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, महिला के गले पर धारदार हथियार के निशान हैं जबकि बच्चे की मौत फांसी लगने से हुई है। परिवार में कभी नहीं हुआ झगड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रॉकी के गले पर भी धारदार हथियार से वार किया गया है। स्थानीय निवासी रमेश कुमार ने बताया कि राजीव अपने परिवार के साथ करीब एक वर्ष से किराये के कमरे में रह रहे हैं। वे मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं। उनका कहना है कि परिवार में कभी भी झगड़ने की कोई आवाज उन्होंने नहीं सुनी। घर में कोई कीमती सामान नहीं था। लिहाजा पुलिस लूटपाट की आशंका से इन्कार कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।