पूर्वी दिल्ली की महापौर बनी अंजू कमलकांत
अंजू कमलकांत को पूर्वी दिल्ली नगर निगम का महापौर निर्वाचित किया गया। इसके साथ ही संजय गोयल नए उप महापौर बने हैं। ढोल नगाड़ों की थाप और समर्थकों की बधाई ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली: अंजू कमलकांत को पूर्वी दिल्ली नगर निगम का महापौर निर्वाचित किया गया। इसके साथ ही संजय गोयल नए उप महापौर बने हैं। ढोल नगाड़ों की थाप और समर्थकों की बधाई के बीच नए महापौर को निवर्तमान महापौर बिपिन बिहारी सिंह ने आसन ग्रहण करवाया।
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सदन की बैठक में निवर्तमान महापौर बिपिन बिहारी सिंह ने पीठासीन अधिकारी के रूप में चुनाव प्रक्रिया शुरू की। चूंकि महापौर पद के लिए सिर्फ एक ही नामांकन था, इस कारण उन्होंने अंजू कमलकांत को महापौर निर्वाचित किया। नवनिर्वाचित महापौर ने उप महापौर संजय गोयल और स्थायी समिति के तीन सदस्यों बिपिन बिहारी सिंह, अजय शर्मा और अब्दुल रहमान को निर्विरोध निर्वाचित किया, क्योंकि इन पदों पर भी एक-एक उम्मीदवार ही थे। नेता सदन निर्मल जैन, नेता प्रतिपक्ष कुलदीप कुमार, स्थायी समिति चेयरमैन सत्यपाल सिंह और आयुक्त दिलराज कौर सहित अन्य पार्षदों ने बधाई दी। महापौर कार्यालय में पांच बौद्ध भिक्षुओं और पांच ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चारण किए जाने के बाद निवर्तमान महापौर बिपिन बिहारी सिंह ने नवनिर्वाचित महापौर को उनके कार्यालय में आसन ग्रहण करवाया। सभी कार्यकर्ताओं से शुभकामनाएं लेने के बाद नवनिर्वाचित महापौर अपने वार्ड विश्वास नगर स्थित आंबेडकर पार्क पहुंचीं, वहां उन्होंने बाबा साहब की मूर्ति पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के कुराना गांव में अंजू कमलकांत का जन्म हुआ था। उनकी पूरी पढ़ाई दिल्ली में हुई। उनकी मां मगन गौतम व पिता शीशपाल गौतम वेलकम इलाके में रहते थे। गांधी मेमोरियल स्कूल जीटी रोड से स्कूली और विवेकानंद कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई हुई। 2004 में कमलकांत से उनका विवाह हुआ। कमलकांत के पिता रामचरण संघ से लंबे समय से जुड़े हैं। कमलकांत संघ के अलावा जीबी पंत इंजीनियरिग कॉलेज, ओखला में छात्र संघ में संयुक्त सचिव, सचिव व अध्यक्ष पद पर रहे। एबीवीपी के अलावा युवा मोर्चा शाहदरा जिले में अध्यक्ष रहे और मंडल स्तर का भी दायित्व संभाला।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।