आप दिल्ली में कांग्रेस को खत्म करना चाहती है: गोयल
आम आदमी पार्टी (आप) व कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। दोनों पार्टियों के नेता कभी गठबंधन को लेकर हां तो कभी ना कर रहे हैं। व ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :
आम आदमी पार्टी (आप) व कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। दोनों पार्टियों के नेता कभी गठबंधन को लेकर हां तो कभी ना कर रहे हैं। वहीं, भाजपा का कहना है कि दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन होने या न होने से उसे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल का कहना है कि आप गठबंधन के नाम पर कांग्रेस को धोखा देने की तैयारी कर रही है। वह कांग्रेस को दिल्ली में दो से तीन सीट देकर गठबंधन करना चाहती है, जिससे कि विधानसभा चुनाव में उसके भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस कुछ बोलने की स्थिति में नहीं रहे। वह दिल्ली से कांग्रेस को खत्म करना चाहती है जिससे कि उसका मुकाबला सीधे भाजपा से रहे।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में लोग प्रधानमंत्री पद के दावेदार के चेहरे को देखकर वोट देते हैं। आप का दिल्ली के बाहर किसी भी राज्य में जनाधार नहीं है इसलिए उसे लोग अपना समर्थन नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि दोनों ही पार्टियों के बीच गठबंधन हो या नहीं दिल्ली की सातों सीटें भाजपा जीतेगी।
दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता का कहना है कि दोनों ही पार्टियां भाजपा से डरी हुई हैं। दोनों चुनावी गठजोड़ को लेकर कोई फैसला नहीं कर पा रही है। जबकि दोनों काफी पहले से समझौता करने की कोशिश में लगे हुए हैं। अब मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल ट्वीट करके यह जानकारी दे रहे हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने समझौता करने से इन्कार कर दिया है। उन्होंने राहुल के साथ हुई गुप्त बैठक की जगह, उसमें शामिल होने वाले नेताओं व बातचीत का विवरण सार्वजनकि करने की मांग की है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।