गला घोंटकर चार लोगों को लूटा, तीसरी आंख ने भेजा जेल
गला घोंटकर लूटपाट करने वाले गिरोह का फर्श बाजार पुलिस ने पर्दाफाश कर दो बदमाशों को दबोचा है। आरोपितों की पहचान गौरव (22) निवासी विश्वास नगर और गौरव ( ...और पढ़ें

स्वदेश कुमार, पूर्वी दिल्ली
गला घोंटकर लूटपाट करने वाले गिरोह का फर्श बाजार पुलिस ने पर्दाफाश कर दो बदमाशों को दबोचा है। आरोपितों की पहचान गौरव (22) निवासी विश्वास नगर और गौरव (23) निवासी डीएलएफ, साहिबाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों ने फर्श बाजार इलाके में एक ही दिन में चार लोगों को शिकार बनाया था। इसमें एक वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसके आधार पुलिस ने बदमाशों की पहचान कर दबोच लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों बदमाश गला घोंटकर शिकार को पहले बेहोश कर देते थे। इसके बाद उसके पास से नकदी और गहने लेकर फरार हो जाते थे। इन्हें थाना प्रभारी अशोक सिंह की देखरेख में एसआइ नितिन तोमर, एएसआइ अशोक राणा, हेड कांस्टेबल संजीव की टीम ने दबोचा। पुलिस ने बताया कि गत 17 मार्च को भी दोनों ने फर्श बाजार इलाके में चार वारदात को अंजाम दिया था। इसमें दो पीड़ित दीपक और सुनील ने पुलिस में शिकायत दी, जबकि दो पीड़ितों ने इसकी सूचना तक नहीं दी। सूर्या नगर, साहिबाबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करने वाले दीपक ने बताया कि वह साइकिल से दफ्तर से छोटा बाजार, शाहदरा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान दोनों बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। एक बदमाश सामने से बात करने लगा और दूसरा पीछे से आकर उनका गला पकड़ लिया। दूसरा बदमाश उनकी जेब से पर्स और मोबाइल आदि निकालने लगा। थोड़ी ही देर में दीपक बेहोश हो गए। बदमाश उन्हें वहीं छोड़कर फरार हो गए। करीब दो मिनट बाद दीपक को होश आया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। इस दौरान सुनील की तरफ से भी शिकायत आई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दीपक के साथ वारदात इसमें कैद पाई गई। इसके आधार पर पुलिस ने पहले विश्वास नगर से गौरव को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ के बाद दूसरा बदमाश भी दबोच लिया। उनके पास से दीपक का मोबाइल और कुछ नकदी भी बरामद हुई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।