शीतलहर से टूटा आठ साल का रिकॉर्ड
मौसमी उतार चढ़ाव के बीच दिल्ली की फिजा इन सर्दियों में लगातार रंग बदल रही है। आलम यह है कि फरवरी माह के अंतिम दिन तो शायद पहली बार दिल्ली वासियों को श ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच दिल्ली की फिजां इन दिनों लगातार बदल रही है। आलम यह है कि फरवरी के अंतिम दिन तो शायद पहली बार दिल्लीवासियों को शीतलहर का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार की सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जो आठ सालों के दौरान सबसे कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है, जबकि शनिवार से बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।
आमतौर पर फरवरी के अंत तक मौसम में गर्माहट आनी शुरू हो जाती है, लेकिन दिल्ली का मौसम इस बार इस माह में भी लगातार नए रिकॉर्ड बनाता रहा। पिछले तीन दिनों से दिल्ली की सर्दी लगातार सात सालों का रिर्कार्ड तोड़ रही है। बृहस्पतिवार को तो शीतलहर जैसी ठंड महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग केन्द्र में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री नीचे हैं। सामान्य से साढ़े चार डिग्री तापमान नीचे होने और न्यूनतम तापमान दस से नीचे होने पर उसे शीतलहर जैसी स्थिति मानी जाती है। दिन के अधिकतम तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार कम है। नमी का स्तर 49 से 97 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी दिल्ली के लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान सात और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस के नजदीक रह सकता है। मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के चलते शनिवार से मौसम फिर करवट ले लेगा। आठ सालों के दौरान 28 फरवरी का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2012 25 13
2013 28 13
2014 25 12
2015 27 13
2016 30 13
2017 29 13
2018 30 15
2019 22 6.8

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।