चोर को पकड़ने के लिए दंपति ने कमरा बंद कर किया ये काम, पुलिस हैरान
मधु विहार इलाके में आधी रात को एक घर में हथियारबंद बदमाश घुस आया। वह एक कमरे में अलमारी तोड़कर सामान पर हाथ साफ कर रहा था, तभी दंपती की नींद खुल गई। ...और पढ़ें

पूर्वी दिल्ली, जेएनएन। मधु विहार इलाके में आधी रात को एक घर में हथियारबंद बदमाश घुस आया। वह एक कमरे में अलमारी तोड़कर सामान पर हाथ साफ कर रहा था, तभी दंपती की नींद खुल गई। उन्होंने कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद चोर ने जमकर हंगामा किया। वह बार-बार दंपती को गोली मारने की धमकी देता रहा।
ग्रिल तोड़कर भागने का किया प्रयास
खिड़की की ग्रिल तोड़ने का भी प्रयास किया। हंगामा करीब दो घंटे तक चला। बाद में पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया। आरोपित की पहचान कल्याणपुरी निवासी राशिद अली के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़ित आशीष बिष्ट (27) की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया। आरोपित को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
निजी कंपनी में करते हैं काम
आशीष बिष्ट पत्नी अंजलि के साथ किराये पर गली नंबर-2, पश्चिमी विनोद नगर में रहते हैं। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। गुरुवार रात 12:30 बजे अपना जन्मदिन मना कर सो गए। किसी की आहट से शुक्रवार अलसुबह 3:00 बजे अंजलि की नींद खुली। उन्होंने आशीष को जगाया। उन्होंने दूसरे कमरे की खिड़की से देखा तो वहां एक चोर अलमारी का ताला तोड़कर सामान निकाल रहा था।
कमरे के बाहर से बंद कर दी कुंडी
उन्होंने कमरे की दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद बदमाश दरवाजा खोलने के लिए शोर मचाने लगा। शोर सुनकर नीचे से मकान मालिक रामदत्त का परिवार भी आ गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान बदमाश गाली-गलौज के साथ गोली मारने की भी धमकी देने लगा।
लोहे के रॉड से हाथ हुआ घायल
इसके बाद लोहे की रॉड से खिड़की की ग्रिल तोड़ने लगा। इसकी वजह से चोर के हाथ में चोट भी आई। आधे घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं आई तो परिवार ने फिर से फोन किया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस की जिप्सी मौके पर पहुंच गई, लेकिन बदमाश के पास हथियार होने के कारण पुलिसकर्मी भी सहम गए। बाद में थाने से पुलिसकर्मी बुलाए गए।
पुलिस ने पकड़ा
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पिस्टल के दम पर कमरे का दरवाजा खोला और आरोपित को धर-दबोचा। राशिद के पास से पुलिस को एक पिस्टल और तीन कारतूस के अलावा एक महिला का पर्स भी मिला है। इसमें सोने के दो कुंडल थे, जो उसने कहीं और से चुराया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।