संपत्तिकर न देने पर पीडब्ल्यूडी का खाता अटैच
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : खराब आर्थिक स्थिति से जूझ रहा उत्तरी दिल्ली नगर निगम संपत्तिकर के बक ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
खराब आर्थिक स्थिति से जूझ रहा उत्तरी दिल्ली नगर निगम संपत्तिकर के बकायेदारों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। यही वजह है कि पिछले दिनों दिल्ली मेट्रो का खाता अटैच करने के बाद निगम ने अब दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का खाता अटैच कर दिया है। पीडब्ल्यूडी पर निगम का छह करोड़ रुपये संपत्तिकर बकाया है। निगम का कहना है कि लगातार नोटिस देने के बाद भी पीडब्ल्यूडी बकाया संपत्तिकर अदा नहीं कर रहा है। इसी वजह से निगम ने पीडब्ल्यूडी का खाता अटैच कर दिया है।
निगम के मुताबिक पीडब्ल्यूडी की कश्मीरी गेट स्थित नॉर्थ बिल्डिंग डिवीजन के अतंर्गत गुलाबी बाग और सिंधोरा कला की संपत्ति का निगम का छह करोड़ रुपये बकाया है। इसका संपत्तिकर न चुकाने पर निगम ने पीडब्ल्यूडी के भारतीय स्टेट बैंक के खातों को अटैच कर दिया है। अब निगम इन खातों से अपनी बकाया राशि का भुगतान करेगा।
निगम के संपत्तिकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार निगम खराब आर्थिक स्थिति से जूझ रहा है। हम समय से अपने कर्मचारियों का वेतन नहीं दे पाते हैं। इसको देखते हुए बकायेदारों को अब किसी भी सूरत में संपत्तिकर देना होगा। अधिकारी के अनुसार इसके साथ ही डीडीए, प्रगति पावर, दिल्ली सरकार के डीएसआइडीसी जैसे विभागों से भी बकाया संपत्तिकर वसूलने का कार्य चल रहा है। इसमें से विभागों को नोटिस भेजकर सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है।
दक्षिणी निगम भी करेगा बकायेदारों के खाते अटैच
उत्तरी नगर निगम की तरह अब दक्षिणी नगर निगम भी संपत्तिकर न अदा करने वालों पर कार्रवाई करेगा। दक्षिणी निगम के संपत्तिकर विभाग ने भी बड़े बकायेदारों की सूची तैयार करनी शुरू दी है। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार बकायेदारों पर 15 दिन में बड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन सभी के खाते अटैच किए जाएंगे। निगम अधिकारी ने बताया कि पहले भी दक्षिणी नगर निगम ने रेलवे और साई की ओर से संपत्तिकर अदा न करने पर उनके खाते को अटैच कर दिया था। इसके बाद उन दोनों ने ही संपत्तिकर अदा कर दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।