राष्ट्रीय राजधानी में घर के अंदर सुरक्षित नहीं बुजुर्ग, हैरान करने वाले हैं आंकड़े
लूट के इरादे से इस साल बदमाश अब तक 15 बुजुर्गों को उनके घर के अंदर ही मौत की नींद सुला चुके हैं। इनमें दो-तीन मामलों में गला दबाकर हत्या की गई है। ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। बदमाशों के लिए घर में अकेले रह रहे बुजुर्गों की जान लेना आसान काम हो गया है। अकेले होने का फायदा उठाते हुए बदमाश लूट के इरादे से हत्याएं भी कर रहे हैं। कई मामलों में लूट के इरादे से हत्या करने के बाद भी बदमाश खाली हाथ रह गए, जबकि अधिकांश मामलों में लूट को अंजाम दिया गया है। हालांकि अधिकांश मामलों में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन बुजुर्गों के साथ हो रही ऐसी जघन्य वारदातें उनकी सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर रही हैं।
लूट के इरादे से इस साल बदमाश अब तक 15 बुजुर्गों को उनके घर के अंदर ही मौत की नींद सुला चुके हैं। इनमें दो-तीन मामलों में गला दबाकर हत्या की गई है, जबकि अधिकांश मामलों में बुजुर्गों का गला रेता गया है। अकेले पिछले दो माह में ही सात बुजुर्गों को लूट के इरादे से मौत के घाट उतार दिया गया है। इनमें से छह बुजुर्गों का गला उनके घर के अंदर रेता गया है।
.jpg)
लूट के लिए इस वर्ष बुजुर्गों की हुई हत्याएं
26 जनवरी- शालीमार बाग में रिक्शा चालक ने लूट के इरादे से 75 वर्षीय महिला राजरानी की गला रेतकर की हत्या।
9 अप्रैल- झिलमिल कॉलोनी में लूट के इरादे से घर के अंदर 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला लीना तहलियानी की गला रेतकर की हत्या।
17 अप्रैल- राजोरी गार्डन में लूट के इरादे से सीपीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत 78 वर्ष के बुजुर्ग जुगल किशोर की चाकुओं से गोदकर की हत्या।
19 अप्रैल- नजफगढ़ में रहने वाली 75 वर्षीय बुजुर्ग पुष्पा रानी की धारदार हथियार से गले पर तीन बार वार करके की हत्या।
23 अप्रैल- हौजखास में लूट के इरादे से डीडीए फ्लैट में घर में घुसकर 67 वर्षीय महिला ऊषा के सिर पर हथौड़ा मारकर की हत्या।
6 सितंबर- ख्याला इलाके में लूट के इरादे से शनि शिव मंदिर के पास अकेले रहने वाली 70 वर्षीय बुजुर्ग लक्ष्मी की सुआ घोंपकर की हत्या।
6 सितंबर- रनहोला इलाके में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सरवरी देवी की पत्थर से सिर कुचलकर की हत्या।
22 सितंबर- पश्चिम विहार के गुरु हरिकिशन नगर में रहने वाली 66 वर्षीय महिला शशि तलवार की गला रेतकर और दिव्यांग बेटी निधि के सिर पर वार करके लूट के इरादे से हत्या।
5 अक्टूबर- करावल नगर में 70 वर्षीय बुजुर्ग की पैसे के लिए हत्या।
26 अक्टूबर- पश्चिम विहार में दो अविवाहित बुजुर्ग बहनें 75 वर्षीय ऊषा पाठक और 70 वर्षीय आशा पाठक की घर के अंदर लूट के इरादे से की हत्या।
9 नवंबर- तैमूर नगर में रहने वाली सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमिश्नर 72 वर्षीय रूपलता की लूट के लिए गला दबाकर हत्या। शव को सरिता विहार फ्लाई ओवर के पास झाड़ियों में फेंका।
14 नवंबर- मालवीय नगर इलाके के सावित्री नगर में लूट के इरादे से 73 साल की बुजुर्ग महिला चंद्रमुखी की हाथ-पैर बांधकर गला दबाकर की हत्या।
17 नवंबर- सरिता विहार डीडीए फ्लैट में रहने वाली 73 वर्षीय महिला सावित्री देवी के पड़ोस में काम करने वाले ड्राइवर ने लूट के इरादे से गला रेतकर की हत्या।
27 नवंबर- बदरपुर के मोलडबंद एक्सटेंशन में लूट के इरादे से घरेलू सहायक ने दो साथियों के साथ मिलकर 92 वर्षीय बुजुर्ग चंद्रभान की गला रेतकर की हत्या।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।