बारिश का कहरः यूपी के गाजियाबाद में मकान ढहने से 8 लोग दबे, एक महिला की मौत
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह हुई बारिश ने जलभराव के चलते जहां भीषण जाम की स्थिति पैदा कर दी है, वहीं अब इमारतों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। ...और पढ़ें

नई दिल्ली/नोएडा/गाजियबाद (जेएनएन)। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह हुई बारिश ने जलभराव के चलते जहां भीषण जाम की स्थिति पैदा कर दी है, वहीं अब इमारतों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में दो इमारतों के गिरने से जहां एक महिला की मौत हो गई वहीं, दोनों हादसों में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, ग्रेटर नोएडा में इमारत शुक्रवार रात गिरी है, लेकिन कहा जा रहा है कि हादसा बारिश के चलते ही हुआ है।
पहली घटना गाजियाबाद की है। ट्रोनिका सिटी थाना इलाके की विजय विहार कॉलोनी में शनिवार सुबह एक मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने का कारण देर रात से हुई बारिश और मकान के बराबर से बह रहे नाले का ओवरफ्लो होना माना जा रहा है। मलबे में दबने से 6 लोग चोटिल हो गए, जबकि महिला कौशल्या की मौत हो गई, जबकि उसके पोते की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सभापुर दिल्ली निवासी मनोज का विजय विहार कॉलोनी में करीब 50 वर्ग गज का एक मकान है। मकान पिछले एक साल से सुरेश ने किराए पर लिया हुआ है। सुरेश मकान में ग्राउंड फ्लोर पर प्रिंटिंग प्रेस चलाते हैं और प्रथम तल पर परिवार के साथ रहते हैं।
शनिवार सुबह करीब 11:00 बजे सुरेश उनकी मां कौशल्या देवी पत्नी संजू देवी बेटे सोनू, मंजीत और कारीगर पप्पू जितेंद्र मोनू घर में मौजूद थे। करीब 11 बजे मकान अचानक गिर गया, जिसके नीचे दबकर सभी लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुचे दमकल कर्मियों ने बचाव कार्य कर दबे हुए लोगों को मलबे से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल कौशल्या और मंजीत को उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कौशल्या देवी की मौत हो गई।
दूसरी घटन में ग्रेटर नोएडा में बिलासपुर कस्बा के मोहल्ला सिरजेखानी में शुक्रवार रात एक मकान गिर गया । जिसमें दो लोग दब गए, स्थानीय लोगों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचायां। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि महिला के पति का दिल्ली अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।