हेरोइन तस्करी में विदेशी महिला सहित तीन गिरफ्तार, पाकिस्तान से जुड़े तार
पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक अफ्रीकी तस्कर गिरोह दिल्ली और पंजाब में हेरोइन की तस्करी कर रहा है। यह हेरोइन अफगानिस्तान और पाकिस्तान से हवाई मार्ग से दिल्ली मंगाई जा रही थी।
नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह अफगानिस्तान और पाकिस्तान से हेरोइन मंगा इसकी आपूर्ति दिल्ली-एनसीआर सहित पंजाब में करता था।
विदेशी महिला गिरफ्तार
हेरोइन की तस्करी में पुलिस ने एक विदेशी महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान मार्टिन, ईके. ओनयेटोबे और मारियम के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से साढ़े सात किलो हेरोइन बरामद की है। मार्टिन और ईके. ओनयेटोब नाइजीरिया जबकि महिला तस्कर मारियम मूल रूप से केन्या की रहने वाली है।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान से जुड़ा लिंक
ज्ञात हो इससे पहले भी 24 जून को स्पेशल सेल ने एक नाइजीरियाई तस्कर को दबोचा था। उसके पास से तीन किलो हेरोइन बरामद हुई थी। स्पेशल सेल पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक अफ्रीकी तस्कर गिरोह दिल्ली और पंजाब में हेरोइन की तस्करी कर रहा है। यह हेरोइन अफगानिस्तान और पाकिस्तान से हवाई मार्ग से दिल्ली मंगाई जा रही थी।
तीन किलो हेरोइन बरामद
यह भी पता चला कि गिरोह का एक सदस्य हेरोइन की खेप के साथ कश्मीरी गेट आइएसबीटी के समीप आने वाला है। इसकी जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर अरविंद कुमार और ईश्वर सिंह की टीम ने 25 जून को नाइजीरियाई ईके. ओनयेटोबे को कश्मीरी गेट के पास से दबोच लिया। उसके पास से तीन किलो हेरोइन बरामद हुई।
मारियम को किया गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान उसने गिरोह के सरगना मार्टिन, और महिला तस्कर मारियम के बारे में जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 27 जून को मुकरबा चौक के समीप से ढाई किलो हेरोइन के साथ मारियम को गिरफ्तार कर लिया। बाद में 29 जून को उत्तम नगर इलाके से मार्टिन को भी धर दबोचा। उसके पास से दो किलो हेरोइन मिली।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।