Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ऑनलाइन सर्वे में 75% लोगों ने कहा- दिल्ली पुलिस का काम संतोषजनक, अपराध में आई कमी

    By JP YadavEdited By:
    Updated: Sat, 30 Jun 2018 11:02 AM (IST)

    गृह मंत्री ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली में जघन्य अपराध में कमी आई है। वर्ष 2014 में 10,266 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि गत वर्ष इसकी संख्या 6,527 रही।

    ऑनलाइन सर्वे में 75% लोगों ने कहा- दिल्ली पुलिस का काम संतोषजनक, अपराध में आई कमी

    नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली में अपराध और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए गृह मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को समीक्षा बैठक की गई, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने की। उन्होंने जघन्य अपराधों में आई कमी पर दिल्ली पुलिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्थिति में और बेहतरी के प्रयास जारी रखने होंगे। साथ ही लोगों की धारणा को बदलने की आवश्यकता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि महिलाओं में सुरक्षा की भावना पैदा हो इसलिए पीसीआर वैन में अधिक से अधिक महिला कर्मियों की तैनाती की जाए। वहीं, यातायात उल्लंघन के मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती जाए। यही नहीं उन्होंने राजधानी में सजा दर में सुधार के लिए जांच विंग को और सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया।

    उन्होंने बताया कि दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी के लिए ऑनलाइन सर्वे कराया गया था, जिसमें 75 फीसद लोगों ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को संतोषजनक बताया। इस सर्वे में 944 लोगों ने अपनी राय रखी थी। यह खुशी की बात है, लेकिन और बेहतरी के लिए पुलिस को जनता के साथ जुड़कर काम करना होगा ताकि लोगों को बगैर परेशानी के सुविधाएं मिल सके।

    पुलिस अधिकारी खासकर संवेदनशील स्थल और शहर में गश्त दल का नेतृत्व करें। इससे अपराधियों में जहां पुलिस का भय पैदा होगा। वहीं लोगों में विश्वास कायम होगा। इसके लिए पुलिस को तकनीकी रूप से भी मजबूत करना होगा।

    गृह मंत्री ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली में जघन्य अपराध में कमी आई है। वर्ष 2014 में 10,266 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि गत वर्ष इसकी संख्या 6,527 रही। केंद्र चाहता है कि स्थिति और बेहतर हो और इसके लिए अपराध जांच सहित अन्य कार्य के लिए गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस में 4,227 और पद मंजूर किए हैं। इसमें 140 एसआइ /एएसआइ, 1,409 हेड कांस्टेबल और 1409 पद कांस्टेबल के हैं।

    पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने बताया कि कि जांच अधिकारियों के लिए अलग से कैडर की प्रक्रिया जारी है। बैठक के दौरान सीसीटीवी कैमरे के मूल्यांकन पर भी जोर दिया गया। इसमें बताया गया कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली पुलिस ने दस पुलिस स्टेशनों को पूरी तरह सीसीटीवी से लैस कर दिया है, जबकि अन्य 184 पुलिस स्टेशनों पर इस कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा।

    इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के तहत सार्वजनिक स्थानों पर 10,000 सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की योजना बनाई है। इनमें 4,000 कैमरे लग चुके हैं। जबकि दो लाख सीसीटीवी कैमरे निगहबान योजना के अंतर्गत लोगों की मदद से स्थापित किए जाएंगे।

    राजनाथ सिंह ने बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए यातायात नियम का उलंघन करने वालों को किसी तरह की छूट नहीं दिए जाने पर जोर दिया। वहीं महिलाओं में सुरक्षा की भावना लाए जाने के लिए उन्होंने पीसीआर वैन में अधिक से अधिक महिला कर्मियों की तैनाती की बात कही। बैठक में गृह राज्य मंत्री हंसराज गंगाराम अहीर, गृह सचिव राजीव गौबा सहित दिल्ली पुलिस और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

    comedy show banner
    comedy show banner