Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली-NCR में बदला मौसम, धूल भरी आंधी ने किया परेशान, कई इलाकों में बिजली गुल

    By Edited By:
    Updated: Fri, 01 Jun 2018 09:07 PM (IST)

    तेज आंधी की वजह से कई जगहों पर बिजली सप्लाई ठप हो गई। हल्की राहत के बाद अब अगले तीन-चार दिनों तक दिल्ली वालों को उमस भरी गर्मी परेशान करेगी।

    दिल्ली-NCR में बदला मौसम, धूल भरी आंधी ने किया परेशान, कई इलाकों में बिजली गुल

    नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से मौसम ने करवट ली है। शुक्रवार देर शाम अचानक दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज आंधी की वजह से कई जगहों पर बिजली सप्लाई ठप हो गई। अभी तक किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं मिली है। मौसम विभाग आंधी को लेकर कई बार अलर्ट जारी कर चुका है। पिछले दिनों उत्‍तर भारत में आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड में फटा बादल

    गौरतलब है कि उत्तराखंड में भी प्रकृति ने विकराल रुप धारण कर लिया है। शुक्रवार शाम उत्तराखंड में उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और बालाकोट में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। जिसके बाद मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।

    बढ़ेगी गर्मी

    मौसम में जारी उतार-चढ़ाव के बीच शुक्रवार को दिन ही नहीं, सुबह के समय भी गर्मी महसूस की गई। दो दिन की आंशिक राहत के बाद उमस ने दिल्लीवासियों को ज्यादा बेहाल किए रखा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी इजाफा देखा गया। शनिवार को भी कमोबेश ऐसा ही हाल रहेगा। हालांकि, शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम व रात के समय धूल भरी तेज हवा भी चलने के आसार हैं।

    पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म

    शुक्रवार को पालम क्षेत्र में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान आयानगर में 32.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 42.0 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, नमी का स्तर अधिकतम 72 और न्यूनतम 39 फीसद रिकॉर्ड किया गया।

    मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो गया है, इसलिए तापमान में इजाफा होगा। अगले कई दिन तक तापमान में कमी के कोई आसार भी नहीं हैं। वहीं, शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

    दिल्ली में 28 जून तक दस्तक देगा मानसून

    स्काईमेट वेदर के अनुसार, मानसून पूर्व गतिविधियां 15 जून के बाद शुरू होंगी। इसके बाद ही दिल्ली को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। इस बार 28 जून के आसपास मानसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है।

    दिल्ली के चार अलग-अलग क्षेत्रों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

    क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम

    पालम 43.7 29.6

    लोधी रोड 40.0 28.8

    रिज 39.9 28.4

    आयानगर 41.9 32.0