स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया का सहारा
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली: स्वदेशी वस्तुओं के प्रचार के लिए स्वदेशी जागरण मंच ने सोशल मीडिया पर विशेष
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली: स्वदेशी वस्तुओं के प्रचार के लिए स्वदेशी जागरण मंच ने सोशल मीडिया पर विशेष मुहिम शुरू की है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों से चीन में निर्मित वस्तुओं का बहिष्कार करने तथा स्वदेशी को बढ़ावा देने का आह्वान किया जा रहा है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती (25 सितंबर) से लेकर महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) तक स्वदेशी जागरण मंच स्वदेशी सप्ताह मना रहा है। इसकी शुरुआत रामकृष्णपुरम स्थित स्वदेशी जागरण मंच के केंद्रीय कार्यालय में हुई। कार्यक्रम में मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल भी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष स्वदेशी सप्ताह मनाया जाता है। इस वर्ष भी पूरी तैयारी के साथ स्वदेशी सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं के अलग-अलग समूह बनाए गए हैं।
मंच के कार्यकर्ता मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पार्क, औद्योगिक क्षेत्र, स्कूल व कॉलेज में लोगों को स्वदेशी वस्तुओं की सूची वितरित करेंगे। विचार गोष्ठियां आयोजित कर लोगों को स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में भी यह अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में लोगों को स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग का संकल्प भी दिलाया जाएगा। इसके साथ ही दशहरा एवं दिवाली जैसे त्योहार के अवसर पर लोगों से चीन निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार का भी आह्वान किया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए व्हाट्स एप ग्रुप बनाकर सूचनाएं भेजी जा रही हैं। इसी तरह से फेसबुक और ट्विटर के माध्यम से भी स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। मंच के प्रांत सह संयोजक सुशील पांचाल ने बताया कि दिल्ली में फिलहाल प्रांत से लेकर जिला स्तर पर दस व्हाट्स एक ग्रुप बनाए गए हैं। इनमें मंच के कार्यकर्ताओं के साथ ही अन्य लोगों को भी जोड़ा जा रहा है। ग्रुप में मंच के कार्यक्रमों के साथ ही अन्य जानकारियां दी जा रही हैं। इस अभियान में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने की कोशिश है। युवाओं पर विशेष तौर पर ध्यान दिया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।