शांति, सेवा, न्याय, दिल्ली पुलिस का नया प्रतीक चिह्न
राज्य ब्यूरो,नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस को शांति, सेवा, न्याय के रूप में शुक्रवार को नया प्रतीक चिह्न (लोगो) मिला है। पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी ने इसका अनावरण किया। अभी प्रतीक चिह्न में सत्यमेव जयते दो बार (राष्ट्रीय प्रतीक और नीचे पट्टी में) आ रहा था। उसके स्थान पर अब पट्टी पर शांति, सेवा, न्याय लिखा गया है। यह कदम पुलिस को जनमित्र बनाने की दिशा में उठाया गया है।
भीमसेन बस्सी के अनुसार शांति, सेवा और न्याय की भावना से पुलिसकर्मी काम करें तो सभी समस्या का निदान संभव है। उन्होंने बताया कि गोवा से उन्हें इसकी प्रेरणा मिली। पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस का कार्य अपराधियों का खौफ समाप्त कर शांति व्यवस्था स्थापित करना है। हर पीड़ित की सेवा का भाव पुलिस को नागरिकों के और करीब लाने में सहायक है। न्याय से अभिप्राय अपराधी को सजा दिलाकर पीड़ित को न्याय दिलाना है। इसके लिए शिकायत मिलने पर आरोपी की गिरफ्तारी से लेकर सुबूत एकत्रित करने के प्रति संजीदा रहना होगा। जांच ऐसी हो कि अपराधी को अदालत से राहत न मिल पाए। इससे अपराधियों में कानून का खौफ कायम होगा और पीड़ितों में कानून के प्रति सम्मान बढ़ेगा। इसके लिए पुलिस अपने स्तर पर सभी प्रयास करेगी।
दिल्ली पुलिस के नारे
1989- विद यू फॉर यू ऑलवेज
2004- सिटीजन फर्स्ट
2014- शांति सेवा न्याय
'दिल्ली पुलिस के तीनों नारों को हम साथ लेकर चलेंगे। एकमात्र ध्येय नागरिकों में सुरक्षा का भाव व माहौल पैदा करना है।'
-भीमसेन बस्सी, पुलिस आयुक्त
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।