विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IPL 2026: 'रॉयल्स' युग में लौटना चाहेगी राजस्थान, रियान पराग की कप्तानी में खिताबी सूखा खत्म करने की उम्मीद

Published: Sun, 22 Mar 2026 06:00 AM (IST)

आईपीएल की पहली चैंपियन टीम राजस्थान रायल्स का 18 वर्षों से खाली है हाथ। चेन्नई के हुए संजू सैमसन के ...और पढ़ें

राजस्थान रॉयल्स की नजरें दूसरे खिताब पर (एआई जेनेरेटेड फोटो)

राजस्थान रॉयल्स की नजरें दूसरे खिताब पर (एआई जेनेरेटेड फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले ही संस्करण (2008) में चैंपियन बनकर सनसनी फैलाने वाली राजस्थान रॉयल्स (आरआर) तब से अब तक खाली हाथ है। उसके बाद यह टीम पांच बार और प्लेऑफ में पहुंची और 2022 में तो फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन ट्रॉफी इसके हाथ नहीं लगी।

इस बार युवा रियान पराग के दम पर यह टीम खिताब जीत कर फिर से 2008 के उसी रॉयल्स युग में वापसी करना चाहेगी, जब ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न के दम पर इस टीम ने अन्य दिग्गजों की कप्तानी वाली टीमों को हराकर आईपीएल खिताब जीता था।

युवा हैं पराग

रियान पराग वैसे तो दिवंगत शेन वॉर्न की तरह अनुभवी न हों, लेकिन बल्लेबाज दमदार हैं। 14 करोड़ में राजस्थान रॉयल्स में रिटेन किए गए रियान 2025 के आईपीएल में 393 रन बनाकर टीम के लिए यशस्वी जायसवाल के बाद दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे हैं। इसमें केकेआर के विरुद्ध उनकी 95 रन की शानदार पारी भी शामिल रही थी।

भरोसेमंद बल्लेबाजों से सजी है रॉयल्स टीम

कप्तान रियान पराग के अलावा भी राजस्थान रॉयल्स टीम भरोसेमंद बल्लेबाजों से सजी है, जो न सिर्फ विस्फोटक हैं, बल्कि टीम के लिए समय-समय पर मैच जिताऊ पारी खेलते रहे हैं। इसमें पहला नाम यशस्वी जायसवाल का है। भारतीय टेस्ट और वनडे टीम में धाक जमा चुके यशस्वी ने रॉयल्स के लिए पिछले सीजन में सर्वाधिक 559 रन बनाए थे। जिसमें उनके छह अर्धशतक शामिल थे। इसलिए इस सत्र के लिए टीम ने उन्हें 18 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत के साथ रिटेन किया है।

वहीं, रॉयल्स की टीम में शामिल आईपीएल के सबसे युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी को कौन नहीं जाता। पिछले सीजन में मात्र 14 वर्ष की आयु में आईपीएल में पदार्पण करने वाले सूर्यवंशी ने मात्र 35 गेंदों में ही शतक लगाकर सनसनी फैला दी थी। उन्होंने मात्र सात मैचों में 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए थे। इसके अलावा विकेटकीपर ध्रुव जुरैल भी टीम को संकट से निकालने का काम करते रहे हैं। गत सीजन में वह 14 मैचों में 333 रन के साथ टीम के तीसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे हैं और 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं। इन्हें भी टीम ने 14 करोड़ में रिटेन किया है। इनके अलावा शुभम शर्मा और शिमरॉन हेटमायर भी टीम में हैं।

खल सकती है संजू की कमी

इस सत्र में राजस्थान रॉयल्स टीम के लिए अगर कोई चिंता है तो यह है कि टीम की बल्लेबाजी की लंबे समय तक रीढ़ रहे संजू सैमसन अब सीएसके के हो चुके हैं और बड़े लक्ष्य के सामने इस टीम को उनकी कमी खल सकती है। हाल ही में टी-20 विश्व कप में भारत की जीत में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे संजू को लेकर रॉयल्स को अब तो और भी ज्यादा मलाल हो रहा होगा।

संजू ने गत सत्र में रॉयल्स के लिए नौ मुकाबलों में करीब 140 के स्ट्राइक रेट और 35.63 के औसत से 285 रन बनाए थे। इसमें 66 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा था, लेकिन खाली यह आंकड़े ही संजू की पूरी काबिलियत को बयां नहीं करते वह आईपीएल के धुरंधर बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और अपने करियर में कुल 177 मैचों में 4704 रन बना चुके हैं। इसमें तीन शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। इसके चलते ही सीएसके ने रॉयल्स से संजू को ट्रेड किया है।

गेंदबाजी में जोफ्रा के भरोसे टीम

गेंदबाजी में यह टीम पूरी तरह से जोफ्रा आर्चर के तेज आक्रमण के भरोसे रहेगी। उन्होंने गत सीजन में रॉयल्स के लिए 12 मैचों में 11 विकेट लिए थे। हालांकि, भरोसेमंद संदीप शर्मा भी टीम के लिए जरूरी समय पर विकेट निकालते रहे हैं। संदीप ने गत सीजन में 10 मैचों में नौ विकेट लिए थे। तेज गेंदबाजों में क्वेना मफाका और स्पिन गेंदबाजी में रवि बिश्नोई भी इस टीम को मजबूती देते हैं।

राजस्थान रॉयल्स की टीम:-

रियान पराग (कप्तान), शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, डेवोन फरेरा, ध्रुव जुरैल, रवि सिंह, लुआन ड्रे, अमन पेररा, यशस्वी जायसवाल, शिमरॉन हेटमायर, रवींद्र जडेजा, सैम करन, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, जोफ्रा आर्चर, तुषार देश पांडे, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, यश पुंजा, युशवीर सिंह, रवि बिश्नोई, विग्नेश पुथूर, संदीप शर्मा, सुशांत मिश्रा।

यह भी पढ़ें- IPL 2026: सीजन की शुरुआत से पहले विराट कोहली का अल्टीमेटम, साथी खिलाड़ियों को को दे दी चेतावनी

यह भी पढ़ें- 'ये एमएस धोनी का आखिरी IPL...' माही के करीबी ने कह दी बहुत बड़ी बात; क्या सच होगी भविष्यवाणी?