SMAT 2026: सूर्यकुमार यादव का कहर जारी, गुजरात के खिलाफ चौकों-छक्कों की बरसात कर मुंबई को दिलाई जीत
सूर्यकुमार यादव की तूफानी 82 रनों की पारी और सरफराज खान के नाबाद 40 रनों की बदौलत मुंबई ने गुजरात ...और पढ़ें

सूर्यकुमार यादव

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी के दम पर मुंबई ने गुजरात के खिलाफ पांच विकेट से जीत हासिल की। सूर्या ने जून के बाद पहली बार प्रोफेशनल क्रिकेट में वापसी की और उन्होंने अब तक खेले गए दोनों मैचों में कमाल की बल्लेबाजी की है। सूर्या ने अब तक दो मैच खेले हैं और दोनों मैचों में अर्धशतक लगाकर फॉर्म में जबरदस्त वापसी की है।
कोलकाता में गुजरात के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मुंबई की तरफ से जबरदस्त खेल देखने को मिला। सूर्या के तूफान के बाद सरफराज खान ने भी बल्ले का दम दिखाया और तूफानी पारी खेलकर मुंबई को जीत दिलाई। इसी के साथ मुंबई ने टूर्नामेंट में लगातार दो मैच जीत लिए हैं।
गुजरात ने बनाए 197 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी गुजरात की टीम की शुरुआत आदर्श नहीं रही। हालांकि, उनके पुछल्ले बल्लेबाजों ने अहम रनों का योगदान देकर टीम को 197 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। मुंबई के लिए शार्दुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी की और गुजरात के बल्लेबाज उनके आगे संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। गुजरात ने एक समय पर 87 रनों पर छह विकेट गंवा दिए थे और ऐसा लग रहा था कि वे 150 रन भी नहीं बना पाएंगे।
निचले क्रम में बल्लेबाजी करने आए आशुतोष शर्मा और विशाल जायसवाल ने कमाल की बैटिंग की। विशाल ने 21 गेंदों पर 38 रनों की पारी खेली, जबकि आशुतोष ने 22 गेंदों पर 42 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से पांच छक्के निकले। मुंबई के लिए ठाकुर और अथर्व अंकोलकर ने तीन-तीन विकेट लिए। उनके अलावा तुषार देशपांडे, मैक्सवेल स्वामीनाथन, मुशीर खान और साईराज पाटिल को एक-एक सफलता मिली।
सूर्यकुमार यादव ने खेली कमाल की पारी
198 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 25 रनों के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद सूर्या ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 29 गेंदों पर 82 रनों की पारी खेली, जिसमें नौ चौके और सात छक्के शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद सरफराज ने मुंबई को फिनिशिंग लाइन तक पहुंचाया। सरफराज 17 गेंदों पर 40 रन बनाकर नाबाद रहे और मुंबई को पांच विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मुंबई ने लक्ष्य को 15.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।