SMAT Round-up: दिल्ली की जीत में फिर चमके प्रियांश आर्या, सूर्या की कप्तानी में मुंबई का विजय रथ जारी
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली ने प्रियांश आर्या के अर्धशतक से रेलवे को हराकर सुपर लीग में जगह बनाई, जबकि मुंबई ने भी अजेय रहते हुए क्वालीफाई किया।

प्रियांश आर्या

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, इंदौर। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप-बी में दिल्ली के कप्तान प्रियांश आर्या की शानदार बल्लेबाजी का क्रम जारी है। दिल्ली ने गुरुवार को गेंदबाजों के अनुशासित प्रयास के बाद प्रियांश के नाबाद अर्धशतक (56) के दम पर रेलवे को आठ विकेट से हराकर टूर्नामेंट के सुपर लीग चरण के लिए क्वालीफाई किया।
रेलवे की टीम 19.5 ओवर में 122 रन पर आउट हो गई। दिल्ली ने 11.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रियांश ने 30 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के लगाए। प्रियांश ने पिछले मैच में पुरुषों के टी-20 क्रिकेट में 181 का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर दर्ज किया था।
रेलवे के विरुद्ध दिल्ली के तेजस्वी दहिया ने भी सिर्फ 16 गेंदों पर नाबाद 42 रन बना टीम को जल्द जीत की दहलीज तक पहुंचाया। दिल्ली द्वारा यश ढुल (18) और नितीश राणा (4) के जल्दी-जल्दी विकेट गंवाने के बाद इस जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़े। सुयश शर्मा ने दिल्ली के लिए 14 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि रजनीश दादर ने तीन विकेट लिए। रेलवे के लिए ईशान गोयल ही 41 गेंदों में सर्वाधिक 37 रन बना सके।
तेवतिया ने हरियाणा को जिताया
ग्रुप-बी के एक अन्य मैच में राहुल तेवतिया के दम पर हरियाणा ने जम्मू-कश्मीर को दो विकेट से हरा दिया। 168 रनों का पीछा करते हुए, हरियाणा ने 19.5 ओवर में आठ विकेट पर 171 रन बना लिए, जिसमें तेवतिया 11 गेंदों में दो छक्कों सहित 20 रन बनाकर नाबाद रहे और एक गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली। हालांकि इससे पहले यशवर्धन दलाल ने 18 गेंदों में 38 रन और अंकित कुमार ने 28 गेंदों में 35 रन बनाकर हरियाणा को आक्रामक शुरुआत दी। जम्मू-कश्मर के लिए वंशज शर्मा ने चार विकेट लिए, जबकि अब्दुल समद ने 77 रन बनाए।
अजहरुद्दीन के तूफानी शतक से केरल 67 रन से जीता
ग्रुप-सी में मोहम्मद अजहरुद्दीन की 57 गेंदों में 101 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत केरल ने हिमाचल प्रदेश को 67 रन से हरा दिया। इस जीत से केरल ने ग्रुप-सी में शीर्ष पर रहने वाली आंध्र के साथ सुपर लीग चरण के लिए क्वालीफाई कर लिया। केरल ने छह विकेट पर 268 रन बनाए।
हिमाचल प्रदेश की टीम छह विकेट पर 201 रन ही बना सकी। इसमें वैभव कल्टा ने नाबाद 57 रन बनाए। वहीं आंध्र ने मोहाली में महाराष्ट्र को सात विकेट से हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं प्रणय सिंह (29 रन देकर चार विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पुडुचेरी ने मध्य प्रदेश को दो विकेट से हरा दिया।
मुंबई विजयी रथ के साथ क्वालिफाई
ग्रुप-डी में मुशीर खान (65) की शानदार अर्धशतकीय पारी और अथर्व अंकोलेकर के तीन विकेटों की बदौलत मुंबई ने उत्तराखंड को 86 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस तरह मुंबई ने टूर्नामेंट में अब तक अजेय रहते हुए लीग चरण के लिए क्वालीफाई किया। मुंबई ने 209 रन बनाए, उत्तराखंड की पूरी टीम टीम 16.5 ओवर में 123 रनों पर सिमट गई। मुशीर ने उत्तराखंड का एक विकेट भी चटकाया। वहीं उत्तराखंड के लिए सुचित (3/28) सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे।
राजस्थान ने बंगाल को हराकर किया बाहर
ग्रुप-ए में ओपनर अभिषेक तोमर की शानदार अर्धशतकीय पारी और दीपक चाहर व अराफात खान की बेहतरीन तेज गेंदबाजी की बदौलत राजस्थान ने बंगाल को छह विकेट से हराकर सुपर लीग चरण में जगह बना ली, जबकि बंगाल टूर्नामेंट से बाहर हो गया। बंगाल की टीम नौ विकेट पर 157 रन ही बना सकी। चाहर (3/13) और अराफात (3/36) ने उम्दा प्रदर्शन किया। राजस्थान ने 16.4 ओवर में चार पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।