SMAT में समीर रीजवी ने चौकों-छक्कों की बरसात करके जड़ा तूफानी शतक, उत्तर प्रदेश को दिलाई यादगार जीत
समीर रीजवी के नाबाद शतक के दम पर उत्तर प्रदेश ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मिजोरम को 20 गेंदें शेष रहते 6 विकेट से पटखनी दी।

समीर रीजवी (Pic Credit- X)
HighLights
उत्तर प्रदेश ने मिजोरम को 6 विकेट से हराया
समीर रीजवी ने केवल 46 गेंदों में जमाया शतक
समीर रीजवी ने पारी में 6 चौके और 9 छक्के जड़े
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले समीर रीजवी ने गुरुवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपना जलवा बिखेरा।
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए ग्रुप-ए के मैच में मिजोरम के खिलाफ केवल 46 गेंदों में शतक जमाया। रीजवी ने एसएमएटी में अपना पहला शतक जमाया। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 9 छक्के जड़े।
समीर रीजवी की पारी के दम पर उत्तर प्रदेश ने मिजोरम को 20 गेंदें शेष रहते 6 विकेट से मात दी। रीजवी को शानदार शतक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बता दें कि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में मिजोरम ने पहले बल्लेबाजी करके निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 149 रन बनाए। जवाब में उत्तर प्रदेश ने केवल 16.4 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।
अंगद की तरह अड़े रीजवी
150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने केवल 5 रन पर शीर्ष तीन विकेट गंवा दिए। आदर्श सिंह और आर्यन जुयाल खाता नहीं खोल सके। समीर रीजवी ने नाजुक स्थिति में उत्तर प्रदेश को संभाला।
रीजवी ने प्रियम गर्ग (18) के साथ चौथे विकेट के लिए 37 रन जोड़े। इसके बाद रीजवी ने प्रशांत वीर (27*) के साथ 110 रन की अविजित शतकीय साझेदारी की। रीजवी ने केवल 46 गेंदों में छह चौके और 9 छक्के की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। प्रशांत वीर ने 23 गेंदों में दो चौके की मदद से नाबाद 27 रन बनाए।
कुलदीप ने झटके दो विकेट
वहीं, पहले बल्लेबाजी करने उतरी मिजोरम के लिए ओपनर मनेंदर सिंह ने अर्धशतक जमाया। उन्होंने 40 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाए। कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी के जाल में उलझाकर सिंह की पारी का अंत किया। कुलदीप ने मिजोरम के कप्तान जोसेफ लालथनखूमा को अपना दूसरा शिकार बनाया।
मिजोरम की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 149 रन बना सकी। यूपी की तरफ से कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके। कार्तिक यादव, अभिनंदन सिंह, कार्तिक त्यागी और प्रशांत वीर को एक-एक सफलता मिली।
यह भी पढ़ें- यूपी के खिलाड़ियों का IPL 2026 में प्रदर्शन, 1 रन 15 लाख रुपये का पड़ा; रिंकू समेत कई बड़े नामों ने किया बेहद निराश
यह भी पढ़ें- IPL 2026: छोटी उम्र में ही दिखने लगी थी Sameer Rizvi की क्रिकेट प्रतिभा, यूं बने ‘रैना 2.0’
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।