विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Exclusive: क्राइस्टचर्च में ताजा हुईं पुरानी यादें, जॉन राइट ने बताया- टीम हमेशा कप्तान की होती है, अब भी 2003 फाइनल में हार का दर्द

By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Thu, 26 Nov 2026 09:20 PM (IST)

क्राइस्टचर्च में जॉन राइट ने भारतीय क्रिकेट से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं, जिसमें जसप्रीत बुमराह की खोज और 2003 विश्व कप फाइनल में अनिल कुंबले को न खिलाने का मलाल शामिल है। 

जॉन राइट

जॉन राइट

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, क्राइस्टचर्च। क्राइस्टचर्च के उत्तरी ग्रामीण इलाके में इस समय आराम का जीवन जी रहे भारतीय टीम के पहले विदेशी कोच जॉन राइट ने भारत के लिए कई हीरे खोजे। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या अगर इस समय भारतीय टीम की शान हैं तो उन्हें खोजने वाले न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर राइट ही हैं।

क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान में शुक्रवार से भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच शुरू होना है। गुरुवार को राइट यहां पहुंचे तो भारत की यादों में खो गए। कोच होने के बावजूद उनका मानना है कि कोई भी क्रिकेट टीम कप्तान की ही होती है। मैंने वीडियो कॉल में उनकी बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला से बात भी कराई। 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी के दौरान राजीव टीम मैनेजर थे और उस समय राइट मुख्य कोच थे। दोनों ने उस समय की काफी बातें कीं। राइट भले ही अब भारतीय क्रिकेट से दूर हों लेकिन उन्हें 2003 में दक्षिण अफ्रीका में हुए विश्व कप फाइनल में भारतीय टीम को मिली हार सालती रहती है।

फाइनल में रिकी पोंटिंग की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सौरव गांगुली की टीम को आसानी से पराजित कर दिया था। उस विश्व कप में भारतीय टीम सिर्फ दो मैच हारी थी। लीग मैच और फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के अलावा भारतीय टीम ने उस विश्व कप के सभी मैच जीते थे।

कुंबले को न खिलाने का राइट को मलाल

राइट ने कहा कि उस फाइनल में अनिल कुंबले को न खिलाने का मलाल मुझे अब भी है। पूरे विश्व कप में हमारा प्लान यही था कि 32 ओवर तक विकेट को बचाकर रखा जाए और उसके बाद अटैक किया जाए। अगर 32 ओवर तक दो-तीन विकेट गिरते हैं तो बाद में रन बनाना आसान होता है। हम चाहते थे कि 32 ओवर तक तीन विकेट से ज्यादा न गिरें लेकिन फाइनल में ऐसा नहीं हो सका। फाइनल में हम सोच रहे थे कि जोहानिसबर्ग के विकेट से ज्यादा मदद मिलेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वहां हमारे गेंदबाजों ने शुरुआत में पांच ओवर अच्छी गेंदबाजी भी नहीं की और ऑस्ट्रेलिया को अच्छा मोमेंटम मिल गया जिस वजह से उन्होंने दो विकेट पर 359 रन बना लिए और हम दबाव में 234 रन पर आलआउट हो गए।

गांगुली के साथ जोड़ी

भारत के पूर्व कोच राइट ने कप्तान सौरव गांगुली के साथ मिलकर सदी की शुरुआत में भारतीय क्रिकेट को एक नई ऊंचाई दी थी। उन्होंने कहा कि गांगुली के साथ काम करने में हमेशा मजा आया। वह टीम को आगे ले जाने में विश्वास करते थे। उनको प्रतिभा की अच्छी समझ थी। मैंने और गांगुली ने वीरेंद्र सहवाग को स्पाट किया। आपने देखा होगा कि जब 2002 में भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर आई तो कोई रन नहीं बना पा रहा था। एक सहवाग ही थे जो रन बनाने में सफल रहे। सहवाग में अद्भुत प्रतिभा थी।

जब उनसे पूछा गया कि टीम कप्तान की होती है या कोच की तो उन्होंने कहा कि क्रिकेट टीम हमेशा कप्तान की होती है। वही टीम का मुख्य आदमी होता है। मैच मैदान के अंदर खेला जाता है और वहां पर कप्तान होता है। कप्तान को ही मैदान पर फैसले लेने होते हैं।

बुमराह की खोज

72 वर्षीय राइट से जब भारतीय तेज गेंदबाज बुमराह को खोजने को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि साल 2013 में मुझे अनिल कुंबले के साथ मुंबई इंडियंस को कोचिंग देने का मौका मिला था। हमने एक साथ बहुत अच्छे से काम किया। मैं सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पश्चिम जोन के मैच देखने गया जहां सात या आठ टीमें खेल रही थीं। उस समय तीन मैच चल रहे थे। मैंने तीनों मैच देखे और फिर घूम-फिरकर मुंबई बनाम गुजरात वाले मैच की तरफ आ गया। तब खेल खत्म होने में बस छह या सात ओवर बचे थे।

मुंबई की जीत पक्की थी। उन्हें बस कुछ और रन बनाने थे लेकिन तभी एक लड़का गेंदबाजी करने आया। वह दौड़कर आया और मैंने उसे एक ओवर फेंकते देखा। उसकी सभी गेंदें यॉर्कर थीं। वह हर गेंद को यॉर्कर ही फेंकने की कोशिश कर रहा था। उसकी गेंद में अच्छी रफ्तार भी थी, क्योंकि एक गेंद पिच पर बने पैरों के निशान पर गिरी और उछलकर चार रन के लिए चली गई। मैंने सोचा कि इसमें तो काफी तेजी है इसलिए मैं वहीं रुका रहा और उसका अगला ओवर भी देखा। उसने लगातार छह गेंदें यॉर्कर डालने की कोशिश की।

खेल खत्म होने के कुछ मिनट बाद मैं गुजरात के कप्तान पार्थिव पटेल के पास गया। मैंने उनसे पूछा, ‘वह लड़का कौन है?’ उन्होंने कहा, ‘अरे, वह बूम है।’ मैंने पूछा, ‘वह कैसा है?’ उन्होंने मुझे उसकी उम्र बताई और उसके बारे में बहुत अच्छी बातें कहीं। मैंने इस बारे में सोचा और फिर अपने फोन से राहुल सांघवी (मुंबई इंडियंस के क्रिकेट डायरेक्टर) से संपर्क किया। मैंने राहुल से कहा कि मैंने इस लड़के को देखा है। उन्होंने जवाब दिया, ‘हां, मुझे भी यह काफी दिलचस्प लगा।’ तो, यह किस्मत की बात ज्यादा थी।

सचिन तेंदुलकर को भी बुमराह ने किया परेशान

अगली सुबह आईपीएल नीलामी से पहले ही हमने उसे साइन कर लिया। इस तरह सब कुछ शुरू हुआ। कभी-कभी आपकी किस्मत अच्छी होती है, तो कभी चीजें वैसी नहीं होतीं जैसी आप चाहते हैं। मैंने हमेशा कहा है कि किसी खिलाड़ी को पहचान लेना एक अलग बात है। उस साल बुमराह ने दो मैच खेले, और शायद अगले साल एक मैच खेला। हमने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया तो हम अपना पहला मैच खेलने आरसीबी के विरुद्ध गए थे।

वहां हमने नेट्स में अभ्यास किया, जिसमें पूरी टीम हिस्सा लेती थी। बुमराह भी हमारे साथ थे और मैंने उनसे सचिन को गेंदबाजी करने के लिए कहा। अभ्यास खत्म होने के बाद सचिन मेरे पास आए और पूछा, ‘वहां वह कौन है?’ मैंने जवाब दिया, ‘वह बुमराह नाम का एक युवा लड़का है।’ सचिन बोले, जान, उसे समझना (उसकी गेंदबाजी को पढ़ना) बहुत मुश्किल है।’ यह सुनकर मुझे बहुत खुशी हुई।

यह भी पढ़ें- SMAT में समीर रीजवी ने चौकों-छक्‍कों की बरसात करके जड़ा तूफानी शतक, उत्‍तर प्रदेश को दिलाई यादगार जीत

यह भी पढ़ें- 'कुलदीप यादव को टेस्ट सीरीज से बाहर करना बिल्कुल सही', कीवी खिलाड़ी ने बताया टीम मैनेजमेंट ने क्यों लिया ऐसा फैसला?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।