Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    SL vs Aus: दिनेश चांदीमल का शतक, श्रीलंका ने ली आस्ट्रेलिया पर 67 रन की बढ़त

    By Sanjay SavernEdited By:
    Updated: Sun, 10 Jul 2022 09:23 PM (IST)

    SL vs Aus श्रीलंका ने रविवार को आस्ट्रेलिया के विरुद्ध दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप तक छह विकेट पर 431 रन बनाकर 67 रन की बढ़त हासिल कर ली। आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 364 रन बनाए थे।

    Hero Image
    श्रीलंका क्रिकेट टीम के बल्लेबाज दिनेश चांदीमल (एपी फोटो)

    गाल, एपी। पूर्व कप्तान दिनेश चांदीमल के शतक की बदौलत श्रीलंका ने रविवार को आस्ट्रेलिया के विरुद्ध दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप तक छह विकेट पर 431 रन बनाकर 67 रन की बढ़त हासिल कर ली। आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 364 रन बनाए थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चांदीमल ने मध्य क्रम में कुछ महत्वपूर्ण साझेदारियां निभाई जिससे पहले टेस्ट में बल्लेबाजी में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली घरेलू टीम बढ़त बनाने में सफल रही। चांदीमल 118 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे और उनके साथ दूसरे छोर पर रमेश मेंडिस सात रन बनाकर निभा रहे थे। चांदीमल ने 232 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और एक छक्का जड़ा।

    शनिवार की रात के बल्लेबाज कुसाल मेंडिस के आउट होने के बाद दिन के तीसरे ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे चांदीमल ने शुरू में पारी में आक्रामकता बरती। उन्होंने एजेंलो मैथ्यूज (52) के साथ चौथे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी निभाई। श्रीलंका ने सुबह के सत्र में बस एक विकेट गंवाया। चांदीमल जब 30 रन पर थे, तब मिशेल स्टार्क की गेंद उनके बल्ले को छूकर विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों में समां गई, लेकिन अंपायर कुमार धर्मसेना ने इस अपील को ठुकरा दिया। आस्ट्रेलियाई टीम सभी रिव्यू ले चुकी थी और अगर इसका रिव्यू लिया जाता तो मैदानी अंपायर का फैसला बदल गया होता। अर्धशतक पूरा करने के बाद मैथ्यूज स्टार्क की गेंद पर मार्नस लाबुशाने को शार्ट लेग पर अच्छा कैच देकर आउट हुए।

    चांदीमल और पदार्पण कर रहे कामिदु मेंडिस (61) के बीच चौथे विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी हुई जिससे श्रीलंकाई टीम अच्छी स्थिति में पहुंची। कामिदु मेंडिस को धनजंय डि सिल्वा के कोविड-19 पाए जाने के बाद टीम में शामिल किया गया था और उन्होंने पदार्पण में अर्धशतक बनाकर प्रभावित किया। चांदीमल ने लियोन पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। यह साझेदारी कामिदु मेंडिस के आउट होने से टूटी जब वह लेग स्पिनर मिशेल स्वेपसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। आस्ट्रेलिया को एक और विकेट निरोशन डिकवेला के रूप में मिला। रमेश मेंडिस को चार रन पर आउट दिया गया था लेकिन रिव्यू के बाद फैसला बदल गया। चांदीमल और रमेश मेंडिस सातवें विकेट के लिए 22 रन जोड़ चुके हैं।

    श्रीलंका ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 184 रन से की। आफ स्पिनर नाथन लियोन ने दिन के तीसरे ही ओवर में कुसाल मेंडिस को एलबीडब्ल्यू किया जिन्होंने 161 गेंद में नौ चौकों की मदद से 85 रन बनाए। वह अपने शनिवार के स्कोर में सिर्फ एक रन जोड़ पाए। लियोन ने सुबह के सत्र में बल्लेबाजों को सबसे अधिक परेशान किया, लेकिन चांदीमल ने उनके विरुद्धजोखिम उठाते हुए शाट खेले। चांदीमल ने इस आफ स्पिनर पर कवर ड्राइव से चौका और फिर अगली गेंद पर लांग आफ के ऊपर से छक्का जड़ा। स्पिनरों के इसके बाद सफलता दिलाने में नाकाम रहने पर आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने 85वें ओवर में दूसरी नई गेंद ली, लेकिन मैथ्यूज और चांदीमल ने मेहमान टीम के गेंदबाजों को लंच तक सफलता से दूर रखा।

    comedy show banner
    comedy show banner