SA vs AUS: बारिश के नाम रहा पहला दिन, सिर्फ 12.2 ओवर का हुआ खेल; साउथ अफ्रीका को लगे दो बड़े झटके
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरे टेस्ट का पहला दिन बारिश के नाम रहा, जिसकी वजह से सिर्फ 12.2 ओवर का ही खेल हो पाया।
-1792340574972_m.webp)
साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टेस्ट का पहला दिन बारिश के नाम रहा। बारिश की वजह से सिर्फ 12.2 ओवर का खेल हुआ। स्कॉट बोलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को दो बड़ी सफलता दिलाई।
ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले में बोलैंड के रूप में इकलौता बदलाव किया था। बोलैंड ने कप्तान पैट कमिंस के इस फैसले को पूरी तरह सही साबित किया।
बोलैंड ने एडेन मार्करम को बोल्ड कर साउथ अफ्रीका को पहला झटका दिया। इसके बाद अगली ही गेंद पर डेविड बेडिंघम का विकेट चटकाकर साउथ अफ्रीका को मुश्किल में डाल दिया।
बारिश का रहा दबदबा
बारिश की वजह से पूरे दिन सिर्फ लगभग एक घंटे का ही खेल हो पाया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले साउथ अफ्रीका को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। टॉस अपने समय पर तो हुआ। मगर इसके बाद बारिश शुरू हो गई।
बारिश की वजह से मुकाबला दो घंटे की देरी से शुरु हुआ। साउथ अफ्रीका का स्कोर 11/0 था, तब एक बार फिर बारिश शुरु हो गई, जिसकी वजह से अंपायर्स ने समय से पहले लंच करने का फैसला लिया।
लंच के आधे घंटे बाद ही बोलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को दो बड़ी सफलता दिला दी। हालांकि, कुछ ही देर बाद फिर बारिश आ गई। इस बार अंपायर्स को दिन की समाप्ति की घोषणा करनी पड़ी। पहले दिन के खत्म होने तक डेब्यूटांट मार्कस एकरमैन पांच और कप्तान टेंबा बावुमा चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
साउथ अफ्रीका ने किए तीन बदलाव
साउथ अफ्रीका ने पहला मैच हारने के बाद इस मुकाबले में तीन बदलाव किए। तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा फिट होकर टीम में लौटे। वहीं युवा मैथ्यू ब्रीत्जके को मौका दिया गया, जबकि बैटिंग को मजबूती देने के लिए एकरमैन का डेब्यू कराया गया।
अफ्रीका ने विकेटकीपर बैटर काइल वेरेन, ट्रिस्टन स्टब्स और बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज केशव महाराज को टीम से बाहर किया। वेरेन की गैरमौजूदगी में रायन रिकल्टन विकेटकीपिंग करते हुए दिखेंगे।
