IND W vs ZIM W: शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना का धमाकेदार प्रदर्शन, भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली बार जीती T20I सीरीज
भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मैच रायपुर में खेला गया। मुकाबले में टीम इंडिया ने 9 विकेट से ...और पढ़ें

स्मृति मंधाना-शेफाली वर्मा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शेफाली वर्मा और कप्तान स्मृति मंधाना के धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 मैच में हरा दिया है। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच पहली बार कोई टी20 सीरीज खेली जा रही है और इसे भारत ने पहली बार में ही अपने नाम कर लिया है।
टीम इंडिया ने पहले मैच में चार विकेट से जीत हासिल की थी और अब दूसरा मुकाबला भी अपने नाम कर लिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों का दबदबा रहा। जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 102 रन ही बना सकी और टीम इंडिया ने मैच को नौ विकेट से अपने नाम कर लिया।
जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी फ्लॉप
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने धीमी शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज केलिस नधलोवु ने 11 गेंदें खेली लेकिन अपना खाता भी नहीं खोल सकी। बिलव्ड बीजा भी बड़ा स्कोर नहीं बना सकी और 13 गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हो गई। भारत के खिलाफ जिम्बाब्वे के बल्लेबाज संघर्ष करती हुई नजर आईं। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और मेहमान टीम को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
संघर्ष कर रही जिम्बाब्वे की पारी को चिपो मुगेरी-तिरिपानो और कप्तान जोसेफिन नकोमो ने सहारा दिया लेकिन वे भी बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। मुगेरी-तिरिपानो 34, जबकि नकोमो ने 27 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा जिम्बाब्वे की अन्य कोई बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सकी। मेहमान टीम ने 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाए।
भारतीय गेंदबाजों का कमाल
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों ने कमाल कर दिखाया। निकी प्रसाद ने दो ओवर की गेंदबाजी में सात रन खर्चे और दो विकेट हासिल किए। उनके अलावा क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्रीचरणी को भी एक-एक सफलता मिली।
भारत की शानदार शुरुआत
जिम्बाब्वे के खिलाफ 103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने बेहतरीन शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने भारत को चिर-परिचित अंदाज में ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई। पावरप्ले में ही टीम इंडिया ने 76 रन ठोक डाले। भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने पहले सधी हुई शुरुआत की और एक बार आंखें जमने के बाद उन्होंने भी बड़े शॉट्स खेलने शुरू कर दिए।
शेफाली वर्मा ने जड़ा अर्धशतक
शेफाली ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख बनाए रखा और अर्धशतक लगाया। उन्होंने 25 गेंदों पर 55 रनों की पारी खेली, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। दूसरी तरफ मंधाना अर्धशतक नहीं बना सकी और वे 47 रन बनाकर नाबाद रहीं। टीम इंडिया ने 103 रनों के लक्ष्य को 8.5 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इसी के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है।
