Ranji Trophy Round-up: रिंकू ने बचाई यूपी की लाज, प्रियांश आर्या का टूटा सबसे बड़ा सपना; तुषार के 'चौके' से मुंबई ने कसा शिकंजा
रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए में रिंकू सिंह के 118 रनों की बदौलत उत्तर प्रदेश ने गोवा के खिलाफ सम्मानजनक ...और पढ़ें

प्रियांश आर्या-रिंकू सिंह

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, कानपुर। रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए में रविवार को उत्तर प्रदेश अपने दूसरे मैच में भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह के नाबाद 118 रन की बदौलत बमुश्किल 202 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सका। वहीं, गोवा ने सधी हुई शुरुआत करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिए।
रिंकू ने धैर्यपूर्ण पारी खेलते हुए 11 चौके और दो छक्के लगाए। उनकी इस पारी की मदद से उत्तर प्रदेश ने शीर्ष-क्रम के जल्दी आउट होने के बाद वापसी की। गोवा के विकेटकीपर-बल्लेबाज शिवेंद्र भुजबल 31 और सुयश प्रभुदेसाई 12 रन बनाकर क्रीज पर थे। उनकी टीम अभी भी 159 रन पीछे हैं।
उत्तर प्रदेश की खराब शुरुआत
उत्तर प्रदेश की शुरुआत खराब रही। अभिषेक गोस्वामी (5), आर्यन जुयाल (14) और करण शर्मा (0) जल्दी आउट हो गए, जिससे टीम का स्कोर 33 रन पर तीन विकेट हो गया। माधव कौशिक ने 96 गेंदों पर 45 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया, लेकिन फिर वे शुभम तारी का शिकार हो गए। इसके बाद रिंकू ने एक छोर संभाले रखा, जबकि दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे। गोवा के लेग-स्पिनर यश कासवांकार ने 25 ओवर में 86 रन देकर पांच विकेट लिए। ऋत्विक नाइक ने दो, जबकि तारी और ललित यादव ने एक-एक विकेट लिया।
बिहार 166 रन पर सिमटा
बिहार पहले दिन 166 रन पर सिमट गया। वहीं दिन का खेल खत्म होने तक बड़ौदा भी 77 रन पर तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसता नजर आया। बिहार की ओर से बिपिन सौरभ ने सर्वाधिक 58 रन बनाए, जबकि बड़ौदा की ओर से राज लिंबानी ने चार विकेट लिए। दिन का खेल समाप्त होने तक बड़ौदा के प्रियांशु मौलिया 32 और महीश पिथिया दो रन बनाकर क्रीज पर थे। वहीं ग्रुप ए के और अन्य मुकाबले में पुडुचेरी के 177 रन के जवाब में मध्य प्रदेश ने दो विकेट पर 23 रन बना लिए थे। जबकि गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने विदर्भ के विरुद्ध पहले दिन 260 रन बनाए। इसके साथ ही दिन का खेल समाप्त हो गया।
फ्लॉप रही गिल की वापसी, सहारन ने लगाया शतक
भारतीय कप्तान शुभमन गिल की घरेलू क्रिकेट में वापसी सिर्फ पांच गेंदों तक ही सीमित रही, लेकिन पंजाब के कप्तान उदय सहारन के नाबाद 106 रनों की बदौलत रणजी ट्रॉफी के ग्रुप बी मैच के पहले दिन पंजाब ने छत्तीसगढ़ के विरुद्ध चार विकेट पर 269 रन बना लिए। न्यूजीलैंड दौरे से पहले रेड लाल गेंद क्रिकेट खेल रहे गिल, बाएं हाथ के स्पिनर अजय मंडल की गेंदबाजी का सामना नहीं कर सके। मंडल की अंदर आती हुई गेंद ने गिल (1 रन) के डिफेंस को छकाते हुए स्टंप्स बिखेर दिए। इसके बाद सहारन को प्रभसिमरन सिंह (62) का अच्छा साथ मिला। छत्तीसगढ़ के लिए धर्मेंद्रसिंह और अजय जाधव ने दो-दो विकेट लिए।
तुषार के चौके के दम पर मुंबई मजबूत
ग्रुप डी में तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे के चार विकेट की मदद से मुंबई ने पहले दिन हिमाचल प्रदेश को 140 रन पर समेट दिया। दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने 36 ओवर में दो विकेट पर 107 रन बना लिए थे। अब उसे बढ़त लेने के लिए केवल 33 रन और चाहिए। हालांकि मुशीर खान (नाबाद 34) और कप्तान सिद्धेश लाड (नाबाद 32) ने तीसरे विकेट के लिए 75 रनों की धैर्यपूर्ण साझेदारी करके टीम को कुछ राहत दी।
तमिलनाडु की स्थिति मजबूत
ग्रुप डी के एक अन्य मुकाबले में तमिलनाडु ने गुरजपनीत सिंह (4/34) और आर. साई किशोर (4/40) के दम पर उत्तराखंड को 134 रन पर ऑलआउट कर दिया। जवाब में तमिलनाडु ने दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 85 रन बना लिए थे।
प्रियांश आर्या दोहरा शतक से चूके
पालम मैदान पर रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन दिल्ली के बल्लेबाजों ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर परीक्षा ली। सार्थक रंजन के स्थान पर टीम में शामिल हुए आरंभिक बल्लेबाज प्रियांश आर्या (199) दोहरे शतक से महज एक रन दूर रह गए, जबकि कप्तान आयुष बडोनी ने शतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दिल्ली ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में चार विकेट पर 381 रन बना लिए।
