Ranji Trophy Round-up: यूपी ने गोवा को रौंदा, ऋतुराज गायकवाड़ ने ठोकी सेंचुरी; साई किशोर के 10 विकेट से जीती तमिलनाडु
कानपुर में रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-ए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने गोवा को 68 रनों से हराया, रिंकू सिंह प्लेयर ...और पढ़ें

ऋतुराज गायकवाड-साई किशोर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी एलीट के ग्रुप-ए के मुकाबले में तीसरे दिन ही उत्तर प्रदेश की टीम ने गोवा को 68 रनों से हरा दिया। बिहार पर बड़ी जीत दर्ज करने वाली उत्तर प्रदेश की टीम के खिलाड़ियों का सिक्का घरेलू मैदान पर भी बरकरार रहा।
स्पिनर की मददगार पिच पर तीन दिन के खेल में मेजबान व मेहमान टीम के 35 विकेट फिरकी गेंदबाजों के खाते में आए। उत्तर प्रदेश की टीम ने दूसरी पारी में 197 रन बनाए, जिसे मिलाकर गोवा के सामने 235 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में गोवा की टीम 167 रनों पर ढेर हो गई।
रिंकू सिंह बने प्लेयर ऑफ द मैच
इसमें सलामी बल्लेबाज सुयश सर्वाधिक 72 रन बना पाए। रिंकू सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। गोवा के सभी 20 विकेट उत्तर प्रदेश के स्पिनर के खाते में आए। जीशान अंसारी व कार्तिक यादव ने सात-सात विकेट लिए। इसमें कार्तिक ने चौथी पारी में गोवा के पांच विकेट झटककर उप्र की जीत में अहम रोल निभाया।
जम्मू-कश्मीर ने पलटी बाजी पर जीता विदर्भ
श्रीनगर में ग्रुप ए के अन्य मुकाबले में मौजूदा चैंपियन जम्मू-कश्मीर ने तीसरे दिन विदर्भ के विरुद्ध लगभग बाजी पलट ही दी थी, लेकिन अंतत: जीत विदर्भ को मिली। तीसरे दिन जम्मू-कश्मीर की टीम अपनी दूसरी पारी में 123 रनों पर ढेर हो गई। इसमें विदर्भ के नचिकेत भुटे (5/48) ने शानदार प्रदर्शन किया।
विदर्भ को जीत के लिए 79 रनों का लक्ष्य मिला, लेकिन यह टीम 26/6 के स्कोर पर लड़खड़ा गई। सुनील कुमार (4/30) ने कुल आठ विकेट चटकाए। हालांकि हर्ष दुबे की 22 और नचिकेत भुटे की 13 रन की नाबाद पारियों के दम पर विदर्भ ने यह मुकाबला तीन विकेट से जीत लिया। वहीं मध्य प्रदेश ने पहली पारी में 345 रन बनाते हुए पुडुचेरी को 177 रन पर ढेर कर फालोआन खिलाया। पुडुचेरी टीम दूसरी पारी में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 98 रन पर एक विकेट गंवा चुकी थी।
आकाश के शतक से मुंबई की 388 रन की बढ़त
ग्रुप डी में हिमाचल के विरुद्ध सरफराज खान के बाद आकाश आनंद की 117 रनों की शतकीय पारी की बदौलत मुंबई ने पहली पारी में 388 रनों की बढ़त लेकर आठ विकेट पर 528 रन पर बनाकर पारी घोषित की। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक हिमाचल की टीम ने तीन विकेट पर 144 रन ही जोड़ सकी अब भी हिमाचल मुंबई की बढ़त से 244 रन पीछे है।
इन्नेश महाजन ने 37 रन की जुझारू पारी खेली। ग्रुप डी के ही एक अन्य मुकाबले में -साई किशोर के दस विकेट (4/40 और 6/34) की बदौलत तमिलनाडु ने उत्तराखंड को एक पारी और 66 रनों से हरा दिया। तमिलनाडु ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुरजपनीत सिंह और साई किशोर ने चार-चार विकेट लेकर उत्तराखंड की पारी को 134 रनों पर समेट दिया।
पंजाब ने छत्तीसगढ़ को दिया फॉलोऑन
ग्रुप बी में पंजाब ने पहली पारी में 456 रन बनाते हुए छत्तीसगढ़ को तीसरे दिन 206 रन पर ढेर कर कर दिया। इसमें पंजाब हरप्रीत (7/56) ने छत्तीसगढ़ की पूरी बल्लेबाजी लाइन-अप को ध्वस्त कर दिया। पंजाब ने 250 रनों की बढ़त लेते हुए छत्तीसगढ़ को फॉलोऑन दिया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक छत्तीसगढ़ का स्कोर 123/3 था।
ऋतुराज गायकवाड़ का शतक
इसमें आयुष पांडे ने 59 रन बनाए। वहीं झारखंड के पहली पारी के 169 रनों के जवाब में महाराष्ट्र ने तीसरे दिन अंकित बावने (169) और भारतीय बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ (101) की मदद से पांच विकेट पर 527 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। दिन के अंत में झारखंड का स्कोर 130/1 था। वहीं आलराउंडर शाहबाज अहमद के सात विकेट (4/35 और 3/44) की मदद से बंगाल ने सर्विसेज को 60 रनों से हरा दिया।
