Ranji Trophy Round-up: मुंबई ने हिमाचल को पारी से रौंदा, बडोनी का दोहरा शतक भी दिल्ली को नहीं दिला सका जीत
मुंबई ने हिमाचल को पारी और 97 रन से हराकर रणजी ट्रॉफी में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। अन्य मैचों ...और पढ़ें

सरफराज खान-आयुष बडोनी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। मुंबई ने हिमाचल को पारी और 97 रन से हराकर रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी के मुकाबले में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। सरफराज खान के 154 और आकाश आनंद द्वारा बनाए गए 117 रन की मदद से मुंबई ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 528 रन बनाकर घोषित की थी। जवाब में हिमाचल की पहली पारी 140 और दूसरी 291 रन पर ही सिमट गई।
पहली पारी के आधार पर मुंबई को 289 रन की बढ़त मिली थी। हिमाचल की दूसरी पारी में मुंबई के तेज गेंदबाज मोहित अवस्थी ने 44 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि तुषार देशपांडे और शम्स मुलानी ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। मैच के आखिरी दिन कप्तान पुखराज मान (50) और वैभव कालता (63) ने हिमाचल को बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। इस नतीजे के बाद अपने पहले मैच में चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराने वाले मुंबई ने शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया है, उनके दो मैचों में 14 अंक हैं।
झारखंड ने दो विकेट रहते बचाया मैच
पुणे स्थित महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में झारखंड बनाम महाराष्ट्र का मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। विक्की ओस्तवाल (चार विकेट), प्रदीप दाधे (तीन विकेट) और तनय संघवी (तीन विकेट) ने मिलकर झारखंड को उसकी पहली पारी में 169 रन पर समेट दिया। इसके जवाब में महाराष्ट्र ने दिग्विजय पाटिल (148), अंकित बावने (नाबाद 169) और ऋतुराज गायकवाड़ (नाबाद 101) की शतकीय पारियों के दम पर 527/5 का स्कोर बनाया।
महाराष्ट्र ने पहली पारी के दम पर 358 रन की बढ़त हासिल कर ली थी। झारखंड को दूसरी पारी में 29 के स्कोर पर पहला झटका लग गया था, जिसके बाद शिखर मोहन (127), उत्कर्ष सिंह (58) और आदित्य सिंह (51) ने शानदार पारियां खेलीं, लेकिन झारखंड ने 342 के स्कोर तक अपने 8 विकेट गंवा दिए। महाराष्ट्र को अंतिम छह ओवर में दो विकेट की दरकार थी, लेकिन मनीष (नाबाद 22) और जतिन पांडे (00) ने मोर्चा संभालते हुए मुकाबले को ड्रॉ करवा दिया।
दिल्ली ने गुजरात से बांटे अंक
दिल्ली के पालम बी स्टेडियम में खेला गया मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दिल्ली ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी छह विकेट पर 648 के स्कोर पर घोषित की। प्रियांश आर्या (199) और कप्तान आयुष बडोनी (217) के बीच चौथे विकेट के लिए 234 रन की साझेदारी हुई। इसके जवाब में गुजरात पहली पारी में 479 रन पर सिमट गई। मनन हिंगराजिया ने 123 रन बनाए, जबकि कप्तान चिंतन गजा ने 82 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। जयमीत पटेल ने 72 रन टीम के खाते में जोड़े।
इस पारी में रितिक शौकीन ने पांच विकेट हासिल किए। गुजरात को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर होना पड़ा और चौथे दिन की समाप्ति तक इस टीम ने अपनी दूसरी पारी में आठ ओवरों का सामना किया, जिसमें एक विकेट गंवाकर 15 रन बनाए।
राजस्थान ने कमाए तीन अंक
राजस्थान ने रेलवे से ड्रॉ खेलकर भी पहली पारी के आधार पर तीन अंक कमा लिए। राजस्थान ने सचिन यादव और करन लांबा के 194-194 रन की मदद से पहली पारी में 497 रन बनाए। जवाब में रेलवे की पहली पारी 338 रन पर खत्म हुई जबकि दूसरी पारी में उन्होंने मोहम्मद सैफ (103 नाबाद) के दम पर दो विकेट खोकर 176 रन बनाए। जबकि तमिलनाडु ने उत्तराखंड को पारी और 66 रन से हराया और हरियाणा ने चंडीगढ़ को पारी और 24 रन से मात दी।
मेघालय और मणिपुर में हुआ रोमांचक मैच
प्लेट ग्रुप के दो अलग-अलग मुकाबलों में मेघालय ने मणिपुर को तीन रन से हराया जबकि मिजोरम ने नगालैंड के विरुद्ध ड्रॉ खेला। मिजोरम ने पहले बैटिंग करते हुए चिन्मय सुतार के 400 नाबाद की मदद से 581/9 के कुल योग पर अपनी पारी घोषित की, जिसके जवाह में नगालैंड की पूरी टीम 516 रन पर सिमटी। इनके लिए सेडेहाली रुपेरो और रोंगसेन जोनाथन ने शतक जड़े जबकि युगांधर सिंह ने 98 रन की पारी खेली।
असम और बड़ौदा ने जीता मुकाबला
एलीट ग्रुप के अन्य मुकाबलों में असम ने त्रिपुरा को नौ विकेट से जबकि बड़ौदा ने बिहार को दस विकेट से मात दी। पुडुचेरी और मध्य प्रदेश ने ड्रा खेला। हैदराबाद ने आंध्र प्रदेश को 267 रन से हराया।
