विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ranji Trophy Round-up: जमानत पर रिहा अभिषेक पोरेल शतक जड़कर फूट-फूटकर रोए, तुषार की हैट्रिक तो उमेश ने मारा 'पंजा' 

Published: Mon, 12 Oct 2026 08:24 PM (IST)

जमानत पर रिहा हुए अभिषेक पोरेल ने रणजी ट्रॉफी में शतक जड़कर भावुक कर दिया, जिससे बंगाल ने दिल्ली के खिलाफ मजबूत बढ़त बनाई।

अभिषेक पोरेल-तुषार देशपांडे

अभिषेक पोरेल-तुषार देशपांडे

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में 36 दिन जेल, फिर जमानत और इसके बाद बंगाल की रणजी टीम में शामिल होने वाले बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल (114*) ने रणजी ट्रॉफी मुकाबले में दिल्ली के (DEL vs BEN) विरुद्ध शतक लगाया तो जश्न मनाने की जगह उनकी आंखों में आंसू थे।

उन्होंने शतक लगाने के बाद दोमों हाथों के साथ सिर झुकाकर दर्शकों का अभिवादन किया। मेडिकल छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में जब उन्हें गिरफ्तार किया गया था तो सभी को लगा कि उनका करियर पर विराम लग सकता है, लेकिन बंगाल क्रिकेट संघ ने इस युवा बल्लेबाज पर भरोसा बनाए रखा।

अभिषेक पोरेल ने जमानत पर चल रहे

जमानत मिली तो उन्हें फिर से रणजी टीम में मौका दिया और अभिषेक ने 137 गेंदों में शतक लगाकर बंगाल को मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बंगाल के कल्याणी में खेले जा रहे इस मुकाबले में अभिषेक के अलावा सुदीप कुमार घरामी (122*) ने भी शतक लगाया और दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बंगाल का स्कोर तीन विकेट पर 306 रन तक पहुंचाकर दिल्ली पर 64 रन की बढ़त दिला दी।

दिल्ली के सामने बंगाल ने खड़ी की चुनौती

दोनों ने चौथे विकेट के लिए 199 रन की अविजित साझेदारी की। घरामी ने 17 चौके लगाए तो पोरेल ने 13 चौके व एक छक्का जड़ा। दिल्ली के लिए परेशानी सिर्फ यह नहीं है कि बंगाल के सात विकेट बचे हुए हैं, बल्कि यह है कि शतकवीर घरामी और अभिषेक पोरेल अब भी क्रीज पर डटे हुए हैं। मैच में दिल्ली की बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी इकाई भी गत सत्र की तरह ही छाप छोड़ने में विफल रही।

दिविज मेहरा, नवदीप सैनी और कप्तान आयुष बदोनी को एक-एक विकेट जरूर मिला, लेकिन बेहद अंतराल पर और काफी रन लुटाने के बाद। वहीं सिमरजीत सिंह और रितिक शौकीन को कोई सफलता नहीं मिल सकी।

तीन शतकों की मदद से झारखंड मजबूत स्थिति में

ग्रुप सी के एक अन्य मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ओपनर शिखर मोहन (143), आदित्य सिंह (147) और कप्तान विराट सिंह (108) के शतकों की बदौलत झारखंड ने केरल के विरुद्ध सभी विकेट खोकर 179.5 ओवर में 587 रन बनाए। झारखंड ने दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 289 रन से की थी। केरल के लिए वैशाख चंद्रन ने पांच और जलज सक्सेना ने तीन विकेट लिए।

बिहार के विरुद्ध उत्तर प्रदेश का 540 रन का विशाल स्कोर

बिहार के राजगीर में चल रहे रणजी के ग्रुप ए के सबसे अहम मुकाबले में दूसरे दिन उप्र ने बिहार के विरुद्ध ऑलआउट होने तक अपना स्कोर 540 रन तक पहुंचा दिया। इसमें पहले दिन माधव कौशिक (150) और रिंकू (112) के शतक के बाद दूसरे दिन आराध्य यादव (84) और जीशान अंसारी (58) ने भी शानदार योगदान दिया।

दिन का खेल समाप्त होने तक बिहार ने दो विकेट पर 44 रन बना लिए थे और वह अब भी 496 रनों से पीछे है। पीयूष सिंह 16 रन बनाकर नाबाद थे। उत्तर प्रदेश के लिए करण शर्मा ने दोनों विकेट लिए।

जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने कराई फजीहत

श्रीनगर में चल रहे ग्रुप ए के एक अन्य मुकाबले में दूसरे दिन मौजूदा चैंपियन जम्मू-कश्मीर (MP vs JK) की गेंदबाजी इकाई के पहले दिन शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों ने फजीहत करा दी। इसका परिणाम यह हुआ कि मध्य प्रदेश को 196 रन पर ऑलआउट करने वाली यह टीम खुद 120 रन पर सिमट गई।

मध्य प्रदेश ने स्टंप्स तक अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 59 रन बनाकर 135 रन की बढ़त हासिल कर ली। जम्मू की ओर से कन्हैया वधावन ही सर्वाधिक 35 रन बना सके। मध्य प्रदेश के आवेश खान और आर्यन पांडे ने तीन-तीन, जबकि अक्षय शर्मा ने दो विकेट लिए।

मुंबई के आगे चंडीगढ़ का फॉलोऑन

ग्रुप डी में मुंबई के आगे चंडीगढ़ (MUM vs CDG) की टीम दूसरे दिन पूरी तरह पस्त हो गई। मुंबई के पहली पारी में 429 रन के जवाब में चंडीगढ़ की टीम 78 रन पर ढेर हो गई। इसमें तुषार देशपांडे ने पांच विकेट लिए। चंडीगढ़ ने फॉलोऑन लेते हुए दूसरी पारी में स्पंप्स तक बिना खाता खोले एक विकेट और गंवा दिया। ग्रुप बी में सौराष्ट्र के 392 रन के जवाब में छत्तीसगढ़ ने स्टंप्स तक तीन विकेट पर 122 रन बना लिए।

उमेश यादव ने लगाया पंजा

ग्रुप बी में पंजाब और असम के बीच न्यू चंडीगढ़ में मुकाबला खेला जा रहा है। पंजाब के लिए खेलने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज ने कमाल की बॉलिंग की और पांच विकेट हासिल किए। हालांकि, असम ने देनिश दास और सिबशंकर रॉय के शतक के दम पर 373 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर लिया। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पंजाब की टीम ने बिना कोई विकेट खोए तीन रन बना लिए हैं।

यह भी पढ़ें- स्टीफन फ्लेमिंग और ब्रेंडन मैक्कुलम ने की अपनी सेना तैयार, साउदी-पीटरसन समेत इंग्लैंड के कोचिंग स्टाफ में दिग्गजों की एंट्री

यह भी पढ़ें- अर्शदीप सिंह ने शाई होप के खिलाफ अपने 'सीक्रेट प्लान' का खोला राज, टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का भी बताया असली सच