अर्शदीप सिंह ने शाई होप के खिलाफ अपने 'सीक्रेट प्लान' का खोला राज, टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का भी बताया असली सच
भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को रोकने की टीम की खास रणनीति का खुलासा ...और पढ़ें

अर्शदीप सिंह-शाई होप

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, इंदौर। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहा कि वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को रोकने के लिए टीम ने खास रणनीति बनाई थी और गेंदबाजों ने मैदान पर उस पर अच्छी तरह अमल किया। भारत ने पांच मैचों की सीरीज के तीसरे टी-20 मैच में वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर 2-1 की बढ़त बना ली।
अर्शदीप ने रविवार को खेले गए मुकाबले में चार ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने खतरनाक बल्लेबाज शाई होप (5) और शेरफेन रदरफोर्ड (32) को बोल्ड करके भारत को अहम सफलता दिलाई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन बनाए और फिर वेस्टइंडीज को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया।
अर्शदीप सिंह ने बताई रणनीति
बीसीसीआई की ओर से जारी वीडियो में अर्शदीप ने कहा कि मैच से पहले हमने शाई होप को रोकने की रणनीति बनाई थी। हमारा लक्ष्य उन पर दबाव बनाए रखना और योजना को मैदान पर सही तरीके से लागू करना था। जब इसका नतीजा मिलता है, तो बहुत अच्छा लगता है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय कोच और पूरी गेंदबाजी इकाई को देते हुए कहा कि कोचिंग दल ने हमें रणनीति समझाई और बताया कि मैच में किन बातों पर अमल करना है। सभी गेंदबाजों ने इसे अच्छी तरह लागू किया। मयंक यादव ने दूसरे छोर से लगातार दबाव बनाए रखा और सभी छह गेंदबाजों ने योगदान दिया। दबाव में अपनी योजना को सही तरीके से लागू करना अच्छा लगता है और इसमें मजा भी आता है।
अर्शदीप ने की ड्रेसिंग रूम के माहौल की तारीफ
मयंक को कोई सफलता नहीं मिली लेकिन उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी से वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को परेशान किया और चार ओवर में सिर्फ 34 रन खर्च किए। अर्शदीप ने टीम के ड्रेसिंग रूम के खुशनुमा माहौल की भी तारीफ करते हुए कहा कि युवा खिलाड़ियों को सीनियर खिलाड़ियों से सीखने के भरपूर मौके मिलते हैं। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी सहज और खुशनुमा है। ऐसा नहीं है कि ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी को अधिक और कम मैच खेलने वाले को कम महत्व दिया जाता है। यहां सभी के लिए अच्छा माहौल है।
बल्लेबाजी कौशल से गेंदबाजी में भी प्रभाव छोड़ते हैं नमन
भारत के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर नमन धीर का कहना है कि बल्लेबाजी कौशल उन्हें गेंदबाजी के दौरान बल्लेबाजों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करता है और इससे वह बल्लेबाज के खड़े होने के तरीके (स्टांस) और शॉट के चयन के आधार पर उसके इरादों का अनुमान लगा पाते हैं। अपनी पहली टी-20 सीरीज खेल रहे धीर ने रविवार को तीसरे मैच में कामिल पूरन और शिमरोन हेटमायर के अहम विकेट चटकाए जिससे भारत ने वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर पांच मैच की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली।
धीर ने जियोस्टार से कहा कि बल्लेबाज होने का फायदा मिलता है क्योंकि आप बल्लेबाज के स्टांस, उसके बैकलिफ्ट की दिशा, गार्ड और उसके खेलने के तरीके को समझते हैं। गेंदबाजी करते समय मैं इन चीजों पर लगातार नजर रखता हूं। धीर ने कहा कि मैंने तीन छक्के देने और फिर विकेट लेने की योजना नहीं बनाई थी। उदाहरण के लिए, जब कामिल पूरन बल्लेबाजी कर रहे थे तो वह हर शॉट लेग साइड में खेलने और शॉट लगाने के लिए जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए मैं उन्हें जगह नहीं देना चाहता था।
