रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड को बदसलूकी करने का भुगतना पड़ा खामियाजा, ICC ने दी कड़ी सजा
आईसीसी ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में नियमों का उल्लंघन करने पर वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड को फटकार लगाई है।

रोवमैन पॉवेल-शेरफेन रदरफोर्ड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने वेस्टइंडीज के दो खिलाड़ियों रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों खिलाड़ियों ने भारत के खिलाफ रांची में खेले गए दूसरे टी20 मैच के दौरान आईसीसी के नियमों का उल्लंघन किया था, जिसकी वजह से उनके खिलाफ क्रिकेट की शीर्ष संस्थान ने एक्शन लिया है।
आईसीसी की तरफ से दोनों खिलाड़ियों को फटकार लगाई है और एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया है। उन्होंने मैच अधिकारियों के सामने अपनी गलती मान ली और फिर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। पॉवेल पर आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 के तहत दोषी पाया गया, जबकि रदरफोर्ड को आर्टिकल 2.8 का दोषी पाया गया।
शेरफेन रदरफोर्ड और रोवमैन पॉवेल के खिलाफ कार्रवाई
दोनों खिलाड़ियों को दूसरे टी20 मैच के दौरान आईसीसी के नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया था। पॉवेल पर अनुच्छेद 2.2 का दोषी पाया गया, जिसके तहत मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण के गलत इस्तेमाल करने पर कार्रवाई की जाती है। पॉवेल छठे ओवर में मयंक यादव की गेंदबाजी के दौरान आउट हुए थे, जिसके बाद उन्होंने बल्ले से गेंद को दूर मारा था। इस वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
दूसरी तरफ रदरफोर्ड को आर्टिकल 2.8 का दोषी पाया गया। दरअसल, इस अनुच्छे के तहत इंटरनेशनल मैच के दौरान अंपायर के किसी फैसले से असहमति जताने से संबंधित है। विंडीज की पारी के दौरान 13वें ओवर में अंपायर ने वाइड नहीं दिया था, जिससे रदरफोर्ड नाराज दिखे, जिसके बाद उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया। उन्हें भी आईसीसी की तरफ से फटकार लगाई गई है।
क्या है डिमेरिट प्वाइंट?
आईसीसी द्वारा खिलाड़ियों को नियमों के उल्लंघन के बाद डिमेरिट प्वाइंट दिए जाते हैं। अगर किसी खिलाड़ी के 24 महीने के भीतर चार अंक हो जाते हैं, तो एक टेस्ट मैच, दो वनडे या दो टी20 मैच, जो भी पहले हो सस्पेंड कर दिया जाता है। विंडीज के दोनों खिलाड़ियों का ये पिछले 24 महीने में पहला डिमेरिट प्वाइंट है। अगर अगले 24 महीने में उनके तीन और डिमेरिट प्वाइंट हो जाते हैं, तो उनके ऊपर प्रतिबंध लग सकता है।
