विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ranji Trophy Round-up: रिंकू के शतक से यूपी ने बिहार को रौंदा, मुंबई ने भी हासिल की जीत; बडोनी के पंजे से पस्त हुआ बंगाल

Published: Tue, 13 Oct 2026 10:45 PM (IST)

रणजी ट्रॉफी के मुकाबलों में दिल्ली ने बंगाल के खिलाफ तीसरे दिन वापसी की, जिसमें कप्तान आयुष बडोनी ने पांच ...और पढ़ें

रिंकू सिंह-आयुष बडोनी

रिंकू सिंह-आयुष बडोनी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी के ग्रुप सी के मुकाबले में पहले दो दिन भारी पड़े बंगाल पर तीसरे दिन मंगलवार को दिल्ली का वर्चस्व साफ दिखा। खुद 240 रन पर ढेर होने के बाद बंगाल के 390 के स्कोर तक सिर्फ पांच विकेट ही गिरा सकी दिल्ली ने आखिर दम दिखाया और बंगाल के आखिरी पांच विकेट 35 रन के भीतर ही समेट दिए।

इसमें दिल्ली के कप्तान आयुष बडोनी के पारी के आखिरी ओवर में तीन विकेट का शानदार प्रदर्शन भी शामिल रहा। आयुष ने कुल पांच विकेट लिए। बंगाल के 425 रन पर ऑलआउट होने के बाद दिल्ली ने अपनी दूसरी पारी में दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 101 रन और बना लिए। बंगाल के कल्याणी में चल रहे इस मुकाबले में दिल्ली अब भी 88 रन से पीछे है, हालांकि उसके पास सात महत्वपूर्ण विकेट हैं। इसलिए बंगाल के खेमे में अब कुछ-कुछ चिंता बढ़ गई है।

अभिषेक-सुदीप के अलावा फेल हुए सभी बल्लेबाज

टीम के लिए दूसरे दिन शतक लगाने वाले अभिषेक पोरेल (149) और सुदीप घरामी (133) के बाद मध्यम क्रम में एकमात्र सुमांता गुप्ता (50) ही महत्वपूर्ण योगदान दे सके। इसके बाद निचला क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दिल्ली के आयुष बडोनी 24 और अनुज रावत 25 रन बनाकर क्रीज पर थे।

उप्र ने बिहार को पारी और 267 रन से दी करारी शिकस्त

बिहार के राजगीर में ग्रुप ए के मुकाबले में तीसरे दिन कार्तिक यादव और करण शर्मा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने बिहार को एक पारी और 267 रन से करारी शिकस्त दी। अपनी पहली पारी में रिंकू सिंह और माधव कौशिक के शतकों के दम पर 540 रन बनाने के बाद उप्र ने बिहार को उनकी दोनों पारियों में क्रमशः 141 और 132 रन पर ऑलआउट कर दिया। फॉलोऑन मिलने के बाद संघर्ष कर रही बिहार की टीम दूसरी पारी में भी कोई खास मुकाबला नहीं कर पाई। करण शर्मा ने तीन, जबकि जीशान अंसारी ने चार विकेट चटकाए। बिहार के लिए मंगल महरौर ही सर्वाधिक 27 रन बना सके।

मुंबई ने भी चंडीगढ़ को पारी और 155 रनों से हराया

ग्रुप डी के मुकाबले में मुंबई ने चंडीगढ़ को एक पारी और 155 रनों से करारी शिकस्त दी। टूर्नामेंट की इस शुरुआती जीत के साथ मुंबई ने बोनस अंक भी हासिल किया। दूसरे दिन चंडीगढ़ को सिर्फ 78 रनों पर समेटने के बाद मुंबई के गेंदबाजों ने वानखेड़े स्टेडियम में विरोधी टीम को फॉलोऑन खिलाया और तीसरे दिन भी दबदबा लगातार बनाए रखा। मुंबई ने पहली पारी में 351 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की थी। तीसरे दिन मुंबई ने चंडीगढ़ को 196 रनों पर ऑलआउट कर दिया। इसमें शम्स मुलानी और तनुष कोटियन ने तीन-तीन विकेट लिए।

मध्य प्रदेश ने और मजबूत की बढ़त

श्रीनगर में वर्षा से प्रभावित ग्रुप ए के एक अन्य मुकाबले में तीसरे दिन मध्य प्रदेश ने गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर के विरुद्ध अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट पर 151 रन बना लिए और अपनी कुल बढ़त को 227 रन तक पहुंचा दिया। कप्तान शुभम शर्मा 132 गेंदों पर 51 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अथर्व महाजन 35 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।

वहीं रोहतक में हरियाणा को हिमाचल प्रदेश के लिए तीसरे दिन के अंत तक जीत के लिए सिर्फ 45 रन की जरूरत रह गई थी, जबकि उसके पास सात विकेट शेष हैं। इधर जमशेदपुर में झारखंड के 587 रन के विशाल स्कोर के आगे केरल ने तीसरे दिन के अंत तक 269 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे।

यह भी पढ़ें- भुवनेश्वर की भारतीय टीम में वापसी का क्या है राज? रविचंद्रन अश्विन ने बताई पूरी सच्चाई

यह भी पढ़ें- आयुष म्हात्रे के लिए 'हैमस्ट्रिंग' बनी काल, पहले IPL और अब रणजी ट्रॉफी से बाहर होने का मंडराया खतरा