भुवनेश्वर की भारतीय टीम में वापसी का क्या है राज? रविचंद्रन अश्विन ने बताई पूरी सच्चाई
रविचंद्रन अश्विन ने भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टीम में वापसी पर बात की, कहा कि उन्होंने वापसी के बारे में नहीं सोचा होगा, बल्कि अपने प्रदर्शन पर ध्यान दिया।

भुवनेश्वर कुमार-रविचंद्रन अश्विन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली। रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि भुवनेश्वर कुमार ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए शायद भारतीय टीम में वापसी के बारे में सोचा भी नहीं था और उनके प्रदर्शन ने ही चार साल बाद राष्ट्रीय टी-20 टीम में उनकी वापसी का रास्ता बनाया।
अगले सप्ताह से न्यूजीलैंड के विरुद्ध शुरू होने वाली पांच मैच की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भुवनेश्वर की भारतीय टीम में वापसी हुई है। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर अश्विन का मानना है कि इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने अपने प्रदर्शन के संभावित इनाम की चिंता करने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान केंद्रित किया।
भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर बोले रविचंद्रन अश्विन
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि मुझे लगता है कि भुवनेश्वर कुमार ने वापसी के बारे में सोचा भी नहीं होगा। मुझे लगता है कि यही उनकी सफलता का मंत्र होगा। जब मैं उन्हें देखता हूं तो मुझे लगता है कि मैंने भी खुद अपने करियर में ऐसा अनुभव किया है। वह अपनी राह पर चलते रहे।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अच्छा प्रदर्शन करने, नई गेंद से अच्छी गेंदबाजी करने और आरसीबी के लिए योगदान देने पर ध्यान दिया। वह जो कुछ कर सकते थे उन्होंने किया। टीम में उनकी वापसी उनकी सफलता का इनाम है। उन्होंने उस इनाम के पीछे दौड़ नहीं लगाई बल्कि अपना काम करते रहे और सफलता उनके पीछे आई।
मोहम्मद शमी को लेकर अश्विन की राय
भुवनेश्वर की वापसी के बाद मोहम्मद शमी के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर भी अटकलें लगने लगी हैं। हालांकि अश्विन ने कहा कि इस अनुभवी तेज गेंदबाज की वापसी की संभावना बनी हुई है, बशर्ते वह इसके लिए जरूरी मेहनत करने को तैयार हों।भारत के लिए 106 टेस्ट खेलने वाले 40 वर्षीय अश्विन ने कहा कि यह क्रिकेटर पर निर्भर करता है। अगर किसी खिलाड़ी को विश्वास है कि वह वापसी कर सकता है तो उसे इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।
अश्विन ने बुमराह और विराट के साथ रिलेशन पर की बात
अश्विन ने जसप्रीत बुमराह और विराट कोहली के साथ अपने संबंधों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि बुमराह के साथ उनका रिश्ता मुख्य रूप से हंसी-मजाक और एक-दूसरे की टांग खिंचाई पर आधारित है, जबकि कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद उनके रिश्ते में और सुधार आया।
