विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आयुष म्हात्रे के लिए 'हैमस्ट्रिंग' बनी काल, पहले IPL और अब रणजी ट्रॉफी से बाहर होने का मंडराया खतरा

Published: Tue, 13 Oct 2026 08:05 PM (IST)

आयुष म्हात्रे को एक बार फिर हैमस्ट्रिंग में समस्या आई है। म्हात्रे रणजी ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ चोटिल हो गए।

आयुष म्हात्रे

आयुष म्हात्रे

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी 2026-27 में मुंबई को बड़ा झटका लगा है। टीम के उपकप्तान आयुष म्हात्रे को एक बार हैमस्ट्रिंग में समस्या आई है, जिसकी वजह से वो लगभग एक महीने तक मैदान से बाहर रहेंगे। इससे पहले आईपीएल 2026 में भी वो हैमस्ट्रिंग की चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

म्हात्रे को चंडीगढ़ के खिलाफ पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए दाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी। म्हात्रे को समस्या रन भागते महसूस हुई। इसके बाद वो मैदान पर फील्डिंग करने नहीं आए। म्हात्रे 48 रन बनाकर आउट हो गए।

दो मैचों से बाहर रहेंगे म्हात्रे

मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड़ ने बताया कि म्हात्रे अगले दो मैचों के लिए टीम से बाहर रहेंगे। लाड़ ने बताया कि म्हात्रे को ये समस्या रन भागते समय आई।

लाड़ ने कहा, "यह विकेटों के बीच दौड़ते समय हुआ, हमने दो-तीन सिमुलेशन और क्लब मैच खेले थे और उन्होंने BKC ग्राउंड में भी खेला था। पिछले तीन-चार मैचों से वे बिल्कुल ठीक लग रहे थे,मगर रन लेते समय उनकी हैमस्ट्रिंग में कुछ खिंचाव महसूस हुआ।"

मुंबई की एकतरफा जीत

मुकाबले की बात करें तो, मुंबई ने चंडीगढ़ को पारी और 155 रनों से हरा दिया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 429 रन बनाए थे। कप्तान सिद्धेश लाड़, मुशीर खान, तनुष कोटियान और मोहित अवस्थी ने शानदार अर्धशतक ठोका था। लाड़ ने 86, मुशीर ने 65, अवस्थी ने 56 और कोटियान ने 58 रन जड़े थे।

बल्लेबाजों के बाद चंडीगढ़ पर मुंबई के गेंदबाजों का कहर बरपा। तुषार देशपांडे ने पहली पारी में हैट्रिक लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। देशपांडे ने सिर्फ 17 रन देकर पांच विकेट झटके, जिसकी वजह से चंडीगढ़ की पहली पारी सिर्फ 78 रनों पर सिमट गई।

चंडीगढ़ अपनी दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर पाया। वो सिर्फ 196 रनों पर ऑलआउट हो गया। मुंबई की ओर से शम्स मुलानी और तनुष कोटियान ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि देशपांडे को दो सफलता मिली।

गौरतलब है कि म्हात्रे के टीम से बाहर होने से मुंबई की बल्लेबाजी यूनिट पर थोड़ा फर्क जरुर पड़ेगा। म्हात्रे ने पिछले कुछ समय से टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी गैरमौजूदगी में मुंबई 18 अक्तूबर से हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मैच खेलेगी।

यह भी पढ़ें- IND vs WI: मैच के साथ सीरीज अपने नाम करने उतरेगा भारत, 2 साल पुराने कारनामे को दोहराना चाहेंगे संजू सैमसन

यह भी पढ़ें- ICC वनडे रैंकिंग में स्मृति मंधाना का जलवा बरकरार, ऑलराउंडर्स में दीप्ति शर्मा ने बनाया दबदबा