विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs WI: मैच के साथ सीरीज अपने नाम करने उतरेगा भारत, 2 साल पुराने कारनामे को दोहराना चाहेंगे संजू सैमसन

Published: Tue, 13 Oct 2026 07:45 PM (IST)

भारत बुधवार को हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथा टी-20 खेलकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगा, जिसमें वह 2-1 से आगे है।

इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज

इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। इंदौर में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम बुधवार को जब हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में चौथे टी-20 में वेस्टइंडीज का सामना करेगी तो उसकी नजरें मैच के साथ ही पांच मैचों की सीरीच अपने नाम करने पर होंगी।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे है। वहीं शाई होप की कप्तानी वाली विंडीज टीम सीरीज में बने रहने चाहेगी। होप ने रांची में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में शानदार शतक जड़ते हुए टीम की जबरदस्त वापसी कराई थी। ऐसे में उसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। एक बार फिर मैच का रूख दोनों टीमों के ‘पावर हिटर्स’ पर निर्भर करेगा।

भारत के टॉप ऑर्डर का शानदार प्रदर्शन

भारत के शीर्षक्रम के बल्लेबाज संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है जिससे सीरीज में अभी तक भारतीय मध्यक्रम पर अधिक दबाव नहीं बना है। अभिषेक ने इंदौर में तीसरे टी-20 में केवल 18 गेंद में अर्धशतक लगाया था। भारत के लिए चिंता का एकमात्र कारण शीर्षक्रम के शानदार फॉर्म के कारण मध्यक्रम के बल्लेबाजों को अधिक अभ्यास नहीं मिल पाना है।

शीर्ष तीन के विफल रहने पर तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी और नमन धीर को जिम्मेदारी संभालनी होगी खासकर जब लक्ष्य बड़ा हो। दूसरी ओर वेस्टइंडीज के लिए चुनौती भारतीय रनगति पर अंकुश लगाने की होगी। कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले टी-20 में शतक लगाया था, जबकि दूसरे मैच में सैमसन और ईशान ने बड़ी पारियां खेली हालांकि यह मैच वेस्टइंडीज ने जीता। तीसरे मैच में अभिषेक का दबदबा रहा।

अभिषेक शर्मा से वेस्टइंडीज में डर का माहौल

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर शमार स्प्रिंगर ने स्वीकार किया था कि अभिषेक के फॉर्म में होने पर उनकी टीम के पास रक्षात्मक खेलने के अलावा कोई चारा नहीं रह जाता। उन्होंने कहा था कि प्लान बी यही है कि हम रक्षात्मक खेलने की कोशिश करेंगे और यही प्रयास रहेगा कि वह एक या दो रन ही ले सके। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शेरफान रदरफोर्ड ने अभी तक 189 के स्ट्राइक रेट से 172 रन बनाए हैं।

कप्तान शाई होप ने 182 की स्ट्राइक रेट से 159 रन बनाए हैं । विश्व चैम्पियन भारत को उसकी धरती पर हराने के लिए हालांकि वेस्टइंडीज को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। भारत के गेंदबाजों को अनुशासित प्रदर्शन करना होगा क्योंकि रांची में दूसरे टी20 में जीत के लिये 250 रन का लक्ष्य वेस्टइंडीज ने नौ गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया था जिसमें होप ने 45 गेंद में 102 रन बनाए थे।

संजू सैमसन ने 2024 में किया था कमाल

अर्शदीप सिंह के तीन विकेट की मदद से भारत ने हालांकि मुकाबला जीता। भारत ने इस मैदान पर पिछली बार टी-20 मैच बांग्लादेश के विरुद्ध 2024 में खेला था जब छह विकेट पर 297 रन बनाकर 133 रन से जीत दर्ज की थी । सैमसन ने उस मैच में 43 गेंद में 111 रन बनाये थे और वह एक बार फिर यहां यादगार पारी खेलना चाहेंगे।

भारत की टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन, नमन धीर, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, मयंक यादव।

वेस्टइंडीज की टीम

शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, शिमरन हेटमायर, आमिर जांगू, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफान रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैंपसन, रोस्टन चेज, कीमो पॉल, रोमारियो शेफर्ड, शमार स्प्रिंगर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती।

यह भी पढ़ें- ICC वनडे रैंकिंग में स्मृति मंधाना का जलवा बरकरार, ऑलराउंडर्स में दीप्ति शर्मा ने बनाया दबदबा

यह भी पढ़ें- SA vs AUS: जोश हेजलवुड ने की करियर की सर्वश्रेष्‍ठ गेंदबाजी, ऑस्‍ट्रेलिया ने डरबन में साउथ अफ्रीका को धोया