PAK vs SL: दो साल बाद पाकिस्तान को नसीब हुई पहली टेस्ट जीत, श्रीलंका को अपने घर में बुलाकर रौंदा
पाकिस्तान ने रावलपिंडी में श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर दो साल बाद अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की और सीरीज 1-0 से जीती।
-1795160076641_m.webp)
पाकिस्तान ने श्रीलंका को दी मात

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम को वो खुशखबरी मिल गई है जिसका इंतजार उसे दो सालों से था। बाबर आजम की कप्तानी वाली इस टीम ने रावलपिंडी में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन मंगलवार को श्रीलंका को आठ विकेट से हरा दिया। इसी के साथ उसने दो मैचों की सीरीज पर 1-0 से कब्जा कर लिया।
यह पाकिस्तान की अक्टूबर 2024 के बाद पहली टेस्ट जीत है। बीते दो साल से इस टीम के लिए टेस्ट मैच जीतना बहुत बड़ी बात हो गई थी और आखिरकार अपने घर में उसने जीत के सूखे को खत्म कर ही दिया। पाकिस्तान को जीत के लिए महज 90 रनों का टारगेट मिला था जो उसने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
आसान रही जीत
श्रीलंका ने दिन की शुरुआत नौ विकेट के नुकसान पर 309 रनों के साथ की थी। मोहम्मद अब्बास ने आशिता फर्नांडो को आउट कर श्रीलंका की पारी का अंत कर दिया। श्रीलंका ने 316 रन बनाए। पाकिस्तान को जीत के लिए 90 रन बनाने थे और इसके लिए उसके पास दो दिन बचे थे। हालांकि, उसने चौथे दिन के पहले ही सेशन में टारगेट हासिल कर लिया।
मेजबान टीम ने अपने दो विकेट तैयाब आरिफ और मोहम्मद ताहा के रूप में खोए। आरिफ 30 के कुल स्कोर पर लाहिरू कुमारा का शिकार बने। वहीं, ताहा को सात रन बाद फर्नांडो ने पवेलियन की राह दिखाई। अजान अवैस 32 रन और आमेर जमाल 34 रन बनाकर नाबाद रहे।
मोहम्मद अब्बास का जलवा
श्रीलंका ने इस मैच में पहली पारी खेली थी और महज 98 रनों पर ही ढेर हो गई थी। मोहम्मद अब्बास ने तीन विकेट लेकर इसमें अहम रोल निभाया था। उनके अलावा राजाउल्लाह और आमेर जमाल ने भी तीन-तीन विकेट लिए। पाकिस्तान की टीम ने जवाब में 325 रन बनाए। गाजी गौरी ने उसके लिए सबसे ज्यादा 54 रन बनाए।
दूसरी पारी में श्रीलंकाई बल्लेबाज फिर फेल रहे और बड़ा स्कोर नहीं कर पाए। यहां भी अब्बास ने तीन विकेट लेकर पाकिस्तान को मजबूत किया। वह विकेट लेने के साथ-साथ किफायती भी साबित हुए। उन्होंने पहली पारी में 14 ओवरों में 14 रन देकर तीन विकेट लिए थे। वहीं, दूसरी पारी में उन्होंने 34 ओवरों में सिर्फ 55 रन देकर तीन विकेट लिए। इस गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।