PAK vs SL: फरहान और माज सदाकत के दम पर पाकिस्तान ने श्रीलंका को धोया, रिकॉर्ड जीत हासिल कर सीरीज पर जमाया कब्जा
पाकिस्तान ने दूसरे टी20 मैच में श्रीलंका को 82 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय ...और पढ़ें

साहिबजादा फरहान-माज सदाकत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। माज सदाकत और कप्तान साहिबजादा फरहान के अर्धशतकों के दम पर पाकिस्तान ने दूसरे टी20 मैच में श्रीलंका को हरा दिया है। इसी के साथ तीन मैचों की टी20 सीरीज में पाक टीम ने 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 215 रनों का स्कोर खड़ा किया था। ये पाकिस्तान का अपने घर पर टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा स्कोर भी है।
रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाक बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए। फरहान का बल्ला एशियन गेम्स में नहीं चला था लेकिन श्रीलंका के खिलाफ इस मुकाबले में उन्होंने कमाल की बैटिंग की और अर्धशतक लगाया। पाकिस्तान के 215 रनों के जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवरों में 133 रन बना सकी और उन्हें मैच में 82 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
साहिबजादा फरहान और माज सदाकत की शानदार बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने शानदार शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज फरहान और फखर जमान ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़े लेकिन फखर 22 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद फरहान और सदाकत ने मोर्चा संभाला। दोनों ने 88 रनों की साझेदारी की। फरहान ने शानदार अर्धशतक लगाया और 44 गेंदों पर 73 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने पांच छक्के और चार चौके लगाए।
फरहान के अलावा माज सदाकत ने भी कमाल की बैटिंग की और उन्होंने 96 रनों की पारी खेली। सदाकत शतक लगाने से चूक गए लेकिन उन्होंने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। 21 वर्षीय बल्लेबाज ने इस दौरान सात छक्के और छह चौके जड़े। हसन नवाज ने भी नाबाद 19 रनों की पारी खेली और पाक को 215 के स्कोर पर पहुंचाया।
श्रीलंका को मैच में मिली हार
पाकिस्तान के 216 रनों के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 133 रन ही बना सकी। श्रीलंका के बल्लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। महीश तीक्ष्णा ने सबसे अधिक नाबाद 32 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद इमरान रंधावा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट हासिल किए। उनके अलावा सलमान मिर्जा को भी दो विकेट मिला।
