विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ranji Trophy Roundup: शमी के तूफान में 240 पर ढेर हुई दिल्ली, रिंकू सिंह के शतक से यूपी मजबूत

Published: Sun, 11 Oct 2026 08:47 PM (GMT+05:30)

रणजी ट्रॉफी के सत्र 2026-27 का बिगुल रविवार से बज गया।

मोहम्‍मद शमी और रिंकू सिंह

मोहम्‍मद शमी और रिंकू सिंह

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी के सत्र 2026-27 का बिगुल रविवार से बज गया। इसमें ग्रुप सी के पहले अहम मुकाबले में बंगाल ने पहले दिन ही मोहम्मद शमी की तूफानी गेंदबाजी के दम पर दिल्ली को 240 रन पर ढेर कर दिया। भारतीय टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने मात्र 30 रन देते हुए चार विकेट चटकाए और एक बार फिर राष्ट्रीय टीम के चयनकर्ताओं और आलोचकों को करारा जवाब दिया।

बंगाल के कल्याणी में चल रहे इस मुकाबले में बंगाल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, ताकि उसके तेज गेंदबाज सीमिंग पिच का लाभ उठा सकें और हुआ भी ऐसा ही। शमी के अलावा बंगाल के आकाश दीप (2/74) और मुकेश कुमार (1/43) को भी सफलता मिली।

ऑफ-स्पिनर आमिर गनी को भी पिच से मदद मिली और उन्होंने 45 रन देकर तीन विकेट लिए। दिल्ली की ओर से ऋतिक शौकीन ने सर्वाधिक 56 रन बनाए। शमी ने दिल्ली के यश धुल, आयुष दोसेजा, ऋतिक शौकीन और दिविज मेहरा को अपना शिकार बनाया। दिल्ली की पारी 77.3 ओवर में सिमटने के साथ ही दिन का खेल समाप्त हो गया।

केरल के विरुद्ध झारखंड की सधी शुरुआत

जमशेदपुर में ग्रुप सी के एक अन्य मुकाबले में केरल के झारखंड ने पहले दिन प्रारंभिक बल्लेबाज शिखर मोहन के शानदार शतक (143) और उत्कर्ष सिंह (71) के दम पर पांच विकेट पर 289 रन बनाए। केरल के लिए ऑफ-स्पिनर वैशाख चंद्रन (3/71) और ऑल-राउंडर जलज सक्सेना (2/80) ने विकेट लिए।

माधव-रिंकू के शतक से उप्र की शानदार शुरुआत

बिहार के राजगीर में रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए के सबसे अहम मुकाबले में उत्तर प्रदेश को बिहार के विरुद्ध भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह और माधव कौशिक के नाबाद शतक ने तीन विकेट गिर जाने के बावजूद फिर बिना कोई और नुकसान के 287 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया।
दिन का खेल समाप्त होने तक प्रारंभिक बल्लेबाज माधव 124 और रिंकू 109 रन बनाकर क्रीज पर थे। अभिषेक गोस्वामी, आर्यन जुयाल और करन शर्मा तीनों ही 13-13 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए। बिहार के लिए सूरज कश्यप ने दो और अमोद यादव ने एक विकेट लिया।

जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज रोहित-सुनील का कहर

ग्रुप ए के मुकाबले में श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम की हरी-भरी पिच पर जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाजों ने कहर बरपा दिया। मध्य प्रदेश की टीम पहली पारी में 196 रन पर सिमट गई। जम्मू-कश्मीर के रोहित शर्मा ने पांच और सुनील कुमार ने पांच विकेट लिए। मध्य प्रदेश के कप्तान शुभम शर्मा (79) ने चंचल राठौड़ के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 65 रन और फिर आर्यन पांडे के साथ 51 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

वहीं रोहतक में ग्रुप डी के मुकाबले में हिमाचल प्रदेश ने पहले दिन हरियाणा के विरुद्ध स्टंप्स तक सात विकेट पर 177 रन बनाए। जबकि ग्रुप बी में राजकोट में सौराष्ट्र ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक छत्तीसगढ़ के विरुद्ध चार विकेट पर 308 रन बनाए। इसमें भारतीय टीम के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 72 रन का योगदान दिया।

यह भी पढ़ें- रणजी ट्रॉफी में गरजा रिंकू सिंह का बल्ला, टी20 से बाहर हुए तो फर्स्ट क्लास शतक लगाकर खटखटाया टेस्ट टीम का दरवाजा

यह भी पढ़ें- मोहम्मद शमी ने रणजी ट्रॉफी के पहले दिन किया कमाल, बेहतरीन गेंदबाजी से ठोका टीम इंडिया में वापसी का दावा