विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PAK vs NZ: न्‍यूजीलैंड ने रोमांचक तीसरे T20I में पाकिस्‍तान को धोया, सीरीज जीतने की उम्‍मीदें रखी जिंदा

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Nigam
Published: Tue, 18 Apr 2023 09:06 AM (IST)

PAK vs NZ 3rd T20I Lahore पाकिस्‍तान को सोमवार को न्‍यूजीलैंड के हाथों तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में शिकस्‍त झेलनी ...और पढ़ें

PAK vs NZ 3rd T20I: न्‍यूजीलैंड ने 4 रन से पाकिस्‍तान को हराया
PAK vs NZ 3rd T20I: न्‍यूजीलैंड ने 4 रन से पाकिस्‍तान को हराया

नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। टॉम लैथम (64) और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत न्‍यूजीलैंड ने सोमवार को पाकिस्‍तान को तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 4 रन से मात दी। लाहौर के गद्दाफी स्‍टेडियम में खेले गए मैच में न्‍यूजीलैंड ने पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 163 रन बनाए। जवाब में पाकिस्‍तान की टीम 159 रन पर ऑलआउट हुई।

न्‍यूजीलैंड ने इस जीत के साथ ही सीरीज जीतने की अपनी उम्‍मीदों को बरकरार रखा है। मेजबान टीम इस समय 2-1 की बढ़त पर है। दोनों देशों के बीच चौथा टी20 इंटरनेशनल मैच गुरुवार को खेला जाएगा।

इफ्तिखार अहमद की पारी गई बेकार

165 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी पाकिस्‍तान की शुरुआत खराब रही। एडम मिलने ने कप्‍तान बाबर आजम (1) को रवींद्र के हाथों कैच आउट करा दिया। जल्‍द ही मोहम्‍मद रिजवान (6) रनआउट हो गए। पाकिस्‍तान ने अपने 5 विकेट 55 रन के स्‍कोर पर गंवा दिए थे। फखर जमान (17), साएम अय्यूब (10) और इमाद वसीम (3) जल्‍दी-जल्‍दी आउट हुए।

पाकिस्‍तान की टेंशन तब और बढ़ गई जब शाहीन अफरीदी (6) और शादाब खान (16) भी डगआउट में जाकर बैठ गए। तब इफ्तिखार अहमद (60) और फहीम अशरफ (27) ने आठवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करके पाकिस्‍तान की वापसी कराई और मुकाबला रोमांचक बनाया। मैट हेनरी ने अशरफ को मिचेल के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।

आखिरी ओवर में रोमांच की हदें हुई पार

पाकिस्‍तान को आखिरी ओवर में 15 रन की दरकार थी जबकि उसके दो विकेट शेष थे। जेम्‍स नीशम ने कीवी टीम की तरफ से आखिरी ओवर डाला। इफ्तिखार ने पहली ही गेंद पर छक्‍का जमा दिया। दूसरी गेंद डॉट रही। तीसरी गेंद पर इफ्तिखार ने लांग ऑफ के बाएं तरफ से चौका जमा दिया। चौथी गेंद पर नीशम ने इफ्तिखार को मिचेल के हाथों कैच आउट करा दिया।

इफ्तिखार अहमद ने 24 गेंदों में तीन चौके और छह छक्‍के की मदद से 60 रन बनाए। पांचवीं गेंद पर हैरिस रउफ रन नहीं बना सकी। आखिरी गेंद पर रउफ का बोव्‍ज ने कैच लपका और इस तरह न्‍यूजीलैंड विजेता बना।

न्‍यूजीलैंड की तरफ से जेम्‍स नीशम ने सबसे ज्‍यादा तीन विकेट झटके। एडम मिलने और रचिन रवींद्र को दो-दो विकेट मिले। मैट हेनरी और ईश सोढ़ी के खाते में एक-एक विकेट आया।

टॉम लैथम ने खेली कप्‍तानी पारी

इससे पहले टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी करने उतरी न्‍यूजीलैंड ने 20 ओवर में 163/5 का स्‍कोर बनाया। शाहीन अफरीदी ने चाड बोव्‍ज (7) को बोल्‍ड करके न्‍यूजीलैंड को पहला झटका दिया। यहां से टॉम लैथम (64) और विल यंग (17) ने दूसरे विकेट के लिए 36 रन जोड़े। शादाब खान ने यंग को फखर जमान के हाथों कैच आउट कराकर पाकिस्‍तान को दूसरी सफलता दिलाई।

फिर लैथम ने डैरिल मिचेल (33) के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी करके कीवी टीम को सम्‍मानजनक स्‍कोर तक पहुंचाया। शाहीन अफरीदी ने मिचेल को फखर जमान के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। हैरिस रउफ ने कप्‍तान लैथम और जेम्‍स नीशम के शिकार किए। लैथम ने 49 गेंदों में सात चौके और दो छक्‍के की मदद से 64 रन बनाए।

पाकिस्‍तान की तरफ से शाहीन अफरीदी और हैरिस रउफ को दो-दो विकेट मिले। शादाब खान के खाते में एक विकेट आया।